देश के किसानों के लिए खलनायक के रूप में उभरी सरकार : दीपेंद्र हुड्डा
राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि किसान आंदोलन में हरियाणा सरकार देश के किसानों के लिए खलनायक के रूप में उभरी है।
जागरण संवाददाता, रोहतक : राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि किसान आंदोलन में हरियाणा सरकार देश के किसानों के लिए खलनायक के रूप में उभरी है। किसान नेताओं को रातोंरात गिरफ्तार कर, उनके खिलाफ मुकदमे बनाए गए हैं। यह तो तब किया है, जब कोई हिसक घटना नहीं हुई और दस हजार किसानों के खिलाफ केस दर्ज कर दिए। दीपेंद्र हुड्डा सोमवार को गांव खिड़वाली में समाजसेवी चौधरी सूरत सिंह हुड्डा की मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद मौजूद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार किसानों से बातचीत से पहले बातचीत का माहौल बनाए। इसके लिए जरूरी है कि किसानों पर किए गए झूठे केस तुरंत रद हों। गिरफ्तार किसानों को तत्काल प्रभाव से रिहा किया जाए। उन्होंने सरकार को चेताया है कि वो किसानों के भोलेपन का फायदा उठाने की कोशिश न करे।
उन्होंने कह कि केंद्र और खासकर हरियाणा सरकार का रवैया किसानों के प्रति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण रहा है। सरकार का काम रास्ते खोलना है, रास्ते रोकना नहीं। सरकार का काम सड़क बनाना होता है, उन्हें खोदना नहीं। एक तरफ सरकार कह रही है कि वो बातचीत के लिए तैयार है और दूसरी तरफ तीन किसान विरोधी कानूनों को सही ठहरा रही है। यही कारण है कि किसानों को सरकार जुबानी बात पर भरोसा नहीं हो रहा है। सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य का लिखित में आश्वासन किसानों को क्यों नहीं दे रही है। इससे साबित होता है कि तीन कृषि कानूनों बनाने के पीछे बहुत बड़ा खेल किया गया है।