Haryana News: 'विजय संकल्प रैली' में बोले नायब सैनी कांग्रेस के राज में बातें, भाजपा में काम; पढ़ें और क्या बोले सीएम
सीएम नायब सैनी रोहतक जिले के महम में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने सरकार के काम गिनाने के साथ ही विपक्ष पर खासकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सीएम बोले कांग्रेस के राज में बातें होती थी और भाजपा में काम ज्यादा होता है। यहां से अरविंद शर्मा चुनावी मैदान में हैं। यहां से दीपेंद्र हुड्डा भाजपा को टक्कर दे सकते हैं।
संवाद सहयोगी,रोहतक। (Haryana Politics News Hindi) मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महम में आयोजित विजय संकल्प रैली ( Vijay Sankalp Rally) में संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। अभी चुनाव आचार संहित लगी हुई, ऐसे में ज्यादा कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं। भाजपा नेत्री राधा अहलावत ने महम चौबीसी की जनता की तरफ से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Saini) का आभार प्रकट किया।
उन्होंने केंद्र सरकार (PM Modi) द्वारा उज्ज्वला योजना के अंतर्गत महिलाओं को मुफ्त सिलेंडर देने, आयुष्मान कार्ड, गरीबों को मुफ्त अनाज देने, हर घर में स्वच्छ पेयजल पहुंचाने, 24 घंटे बिजली देने का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के राज में केवल बातें होती थी काम नहीं होता था और आज बातें कम होती हैं और काम ज्यादा होता है।
फोरलेन सड़कों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2014 से पहले हाईवे बहुत कम थे लेकिन आज पूरा देश हाईवे पर दौड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष गरीब के विकास पर दुखी है क्योंकि कांग्रेस ने हमेशा गरीब को अपना वोट बैंक माना है और उसने कभी उनके हित के लिए काम नहीं किया।
वर्तमान सरकार ने गरीबों को ऊपर उठने के लिए उनके हित में योजनाएं बनाई है और उन योजनाओं का उन्हें लाभ देने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने एक विवादित बयान देते हुए कहा कि सेना में पत्थरबाजी करने वाली कांग्रेस है।
परिवारवादी-भ्रष्टाचारियों के बहकावे में कर रहे हैं विरोध-अरविंद शर्मा
रोहतक लोकसभा क्षेत्र (Rohtak Lok Sabha Seat) से भाजपा उम्मीदवार अरविंद शर्मा ने केंद्र सरकार की नीतियों का बखुबी बखान किया और कहा कि पूरे देश के नौजवानों को मोदी सरकार की नीतियां पसंद आ रही हैं। उन्होंने कहा कि आज गुंडागर्दी पूरी तरह से खत्म हो गई है।
पहले जिस प्रकार लोग किसी की भी जमीन पर कब्जा कर लेते थे वह भी समाप्त हो गई है। कुछ गांव में अपने विरोध का जिक्र भी अरविंद शर्मा ने किया लेकिन इसके लिए उन्होंने कहा कि परिवारवादियों और भ्रष्टाचारियों के बहकावे में आकर कुछ लोगों ने यह काम किया है।
मोदी के नेतृत्व में देश बना बड़ी ताकत-दलाल
मंत्री जयप्रकाश दलाल (JP Dalal) ने कहा कि लोग अब कांग्रेस (Haryana Congress) के बहकावे में आने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता हथियाना के लिए झूठ बोलने का काम कर रही है लेकिन अब देश की जनता समझदार हो गई है और वह यह जानती है कि कौन उसका भला कर सकता है और कौन नहीं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व की बड़ी ताकत बनकर उभरा है।
ये रहे मौजूद
भाजपा की आयोजित विजय संकल्प रैली को राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा, रोहतक लोकसभा चुनाव प्रभारी राजीव जैन, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, शमशेर खरकड़ा, महंत सतीश दास, मनमोहन गोयल, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, पूर्व मेयर रेनू डाबला, राधा अहलावत, दीपक हुड्ड, मंजू हुड्डा ने भी संबोधित किया।