रोहतक में हाईवे पर गड्ढे में गिरी बाइक, बस ने बाइक सवार के पैर कुचले
दिल्ली-रोहतक हाईवे पर गड्ढे में बाइक का पहिया आने के कारण होटल कर्मचारी रोडवेज बस के नीचे आ गया। जिसके दोनों पैरों को बस ने कुचल दिया।
जागरण संवाददाता, रोहतक : दिल्ली-रोहतक हाईवे पर गड्ढे में बाइक का पहिया आने के कारण होटल कर्मचारी रोडवेज बस के नीचे आ गया। जिसके दोनों पैरों को बस ने कुचल दिया। आनन-फानन में घायल को पीजीआइ में भर्ती कराया गया। जहां पर उसकी हालत चिताजनक बनी हुई है।
लाखनमाजरा के खैरेंटी गांव निवासी 35 सतेंद्र दिल्ली हाईवे स्थित एक होटल का कर्मचारी है। सोमवार दोपहर के समय वह बाइक पर दिल्ली बाईपास की तरफ से जा रहा था। हाईवे पर बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी से थोड़ा आगे चलते ही सीवरेज का काम चल रहा है। जिसके चलते एक तरफ का रास्ता बंद किया गया है। इस वजह से हाईवे पर काफी गड्ढे भी हो रखे हैं। जैसे ही सतेंद्र अपनी बाइक लेकर पहुंचा तो अचानक उसकी बाइक का टायर एक गड्ढे में चला गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। तभी सतेंद्र भी बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान सामने से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आ गया। उसके पैरों को बस ने कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायल का उपचार पीजीआइ में चल रहा है। जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद वहां पर जाम की स्थिति भी बन गई। काफी देर तक हाईवे पर जाम रहा। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। देर रात तक इस मामले में पुलिस में शिकायत नहीं दी गई थी।