मेरठ के ध्यानार्थ.. विवाहिता के कपड़ों में आग लगाकर जिदा जलाने का प्रयास, झुलसी
जनता कालोनी में विवाहिता ने ससुरालियों पर जिदा जलाने के प्रयास का आरोप लगाया है। विवाहिता का कहना है कि ससुरालियों ने उसके कपड़ों में आग लगाई जिसमें वह झुलस गई।
जागरण संवाददाता, रोहतक : जनता कालोनी में विवाहिता ने ससुरालियों पर जिदा जलाने के प्रयास का आरोप लगाया है। विवाहिता का कहना है कि ससुरालियों ने उसके कपड़ों में आग लगाई, जिसमें वह झुलस गई। शिवाजी कालोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ के ब्रह्मपुरी की सिमरन ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ जनता कालोनी में रहती है। आरोप है कि 24 अक्टूबर को पति गौरव के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय पति के ऑफिस जाने के कारण मामला शांत हो गया था। शाम को वापस लौटने पर पति, ससुर प्रकाश चंद और सास शशि ने उसके साथ फिर से मारपीट की। उसके कपड़ों में आग लगाकर जिदा जलाने का प्रयास किया। जिसमें पीड़ित झुलस गई। पीड़िता ने पुलिस को फोन करना चाहा, लेकिन ससुरालियों ने उसका फोन तोड़ दिया। इसके बाद सास-ससुर ने दबाव डालकर एक कागज पर जबरदस्ती यह लिखवा दिया कि आग मैंने खुद लगाई है। पता चलने पर पीड़िता के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद शिवाजी कालोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।