27 साल पुराने कांग्रेसी पूर्व पार्षद सुरेंद्र बतरा भी हुए भाजपाई
रोहतक दूसरी पार्टियों के नेताओं के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने क
जागरण संवाददाता, रोहतक : दूसरी पार्टियों के नेताओं के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। इनेलो के जिलाध्यक्ष सतीश नांदल के अलावा जननायक जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मपाल मकड़ौली सहित कई अन्य नेताओं के बाद कांग्रेस के नेता ने भी भाजपा में आस्था प्रकट की है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गांधी कैंप एरिया से दो बार पार्षद रहे सुरेंद्र बतरा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल और सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सुरेंद्र बतरा ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को लेकर नेताओं में गुटबाजी चरम पर पहुंच गई है। कार्यकर्ताओं में नेताओं को लेकर संशय की स्थिति बन गई है। वे 27 साल से कांग्रेस से जुड़े थे। यूथ कांग्रेस से पार्टी में सेवा शुरू की और करीब तीन दशक पार्टी में रहकर लोगों की सेवा की। अब कांग्रेस में संगठन को लेकर विवाद है। इसका खामियाजा कार्यकर्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। दो बार पार्षद रहकर जनता की सेवा करने का अवसर मिला। अब लोगों को अपने कार्यों को लेकर उम्मीद थी, जिसे कांग्रेस में रहकर पूरा नहीं कर पा रहा था। भाजपा की नीतियां आमजन को भा रही हैं, इसलिए कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने का निर्णय लिया। उनकी कांग्रेस के किसी नेता से कोई गिला-शिकवा नहीं है। अब भाजपा की विचाराधारा से प्रभावित होकर यह फैसला लेना पड़ा। सहकारिता मंत्री ने कहा कि पूर्व पार्षद सुरेंद्र बतरा को पार्टी में पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। इनेलो नेता सौरभ व जजपा नेता सतीश दास भी सीएम से मिलने पहुंचे
मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार को रोहतक में थे। जब सीएम सर्किट हाउस में प्रदेश के व्यापारियों की बैठक ले रहे थे, तब जजपा के वरिष्ठ नेता एवं महम विधानसभा से इनेलो की टिकट पर 2014 में प्रत्याशी महंत सतीश दास और इनेलो के युवा नेता सौरभ फरमाना भी सर्किट हाउस में थे। बताया जाता है कि दोनों नेता मुख्यमंत्री से मुलाकात करने गए थे। काफी देर इंतजार करने के बाद सीएम से मुलाकात नहीं हो पाई। कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों नेता शीघ्र भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं।