सैनी संस्था के प्रधान सहित तमाम पदों के लिए 19 ने किया नामांकन
सैनी शिक्षण संस्था की चौधर के लिए अब गवर्निंग बॉडी चुनाव होंगे। इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जागरण संवाददाता, रोहतक :
सैनी शिक्षण संस्था की चौधर के लिए अब गवर्निंग बॉडी चुनाव होंगे। इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन मंगलवार सायं पांच बजे तक कोई भी नामांकन नहीं आया था लेकिन बुधवार को अंतिम दिन प्रधान सहित तमाम पदों के लिए 19 नामांकन पहुंचे है। जिनमें धर्म सिहं दहिया पैनल के 11, विजय पैनल से एक, देवेंद्र सैनी पैनल से दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया जबकि पांच आजाद प्रत्याशियों ने भी नामांकन किया है। नामांकन प्रक्रिया सुबह आठ से चार बजे तक चली। जिसमें प्रधान व उप प्रधान पदों के लिए दो-दो जबकि सचिव पद के लिए तीन और सहसचिव पद के लिए दो नामांकन पहुंचे हैं। वहीं, कोषाध्यक्ष के लिए भी दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इनके अलावा कार्यकारिणी के छह सदस्यों के लिए आठ प्रत्याशियों ने अंतिम दिन नामांकन किया है। गवर्निंग बाडी के लिए पांच पदाधिकारी व छह कार्यकारिणी सदस्य चुने जाने है। जिसमें प्रधान, उप प्रधान, सचिव, सह सचिव व कोषाध्यक्ष पदों के अलावा छह सदस्य कार्यकारिणी भी चुने जाएंगे। गवर्निंग बाडी पदाधिकारियों का त्रिवर्षीय चुनाव 21 फरवरी को होना है। चुनाव अधिकारी जेपी सैनी ने बताया कि प्रधान सहित सभी पांच पदाधिकारियों के लिए अलग अलग रंगों में नोमिनेशन फार्म छपवाए गए थे। बैलेट पेपर भी उन्हीं रंगों के होंगे, जिनके नोमिनेशन फार्म होंगे। बता दें कि सैनी शिक्षण संस्था के 100 कालेजियम सदस्यों का चुनाव हाल ही में कराया गया है। जिसमें धर्म सिंह दहिया पैनल के सर्वाधिक 61, विजय सैनी पैनल के 32, देवेंद्र सैनी पैनल के पांच प्रत्याशी विजयी रहे हैं। जबकि दो निर्दलीय प्रत्याशी भी विजयी हुए हैं। चार सदस्यों का निर्विरोध चुना जाना तय :
चुनाव अधिकारी जेपी सैनी ने बताया कि कार्यकारिणी के चार सदस्यों के लिए चार प्रत्याशियों ने ही नामांकन किया है। ऐसे में उनका निर्विरोध चुना जाना तय है। जबकि दो अन्य सदस्यों के लिए दो-दो प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, धर्म सिंह दहिया पैनल से पांच प्रत्याशियों ने गवर्निंग बाडी पदाधिकारियों के लिए जबकि छह अन्य ने कार्यकारिणी सदस्यों के लिए नामांकन किया है। विजय सैनी पैनल से एक प्रत्याशी ने नामांकन किया है। वहीं, पांच अन्य प्रत्याशियों ने भी नामांकन किया है।