पति की प्रताड़ना से परेशान महिला ने निगला जहर
रेवाड़ी जिला के गांव पहराजवास में पति की प्रताड़ना से परेशान होकर एक महिला ने जहरीला पदार्थ पी लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी जान बच गई। महिला की शिकायत पर रोहडाई थाना पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जासं, रेवाड़ी: जिला के गांव पहराजवास में पति की प्रताड़ना से परेशान होकर एक महिला ने जहरीला पदार्थ पी लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी जान बच गई। महिला की शिकायत पर रोहडाई थाना पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि गांव पहराजवास निवासी उग्रसेन सेना से सेवानिवृत्त है। उग्रसेन की पत्नी सरोज ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसकी शादी करीब 18 वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के बाद से ही उग्रसेन उसे परेशान करता था तथा अकसर उसके साथ मारपीट करता था। सेना में नौकरी करने के दौरान भी वह करीब पांच साल उनके साथ रही। इस दौरान भी उसके साथ मारपीट की। सेवानिवृत्त होने के बाद आए दिन उसके साथ मारपीट करता। 17 अगस्त को उसके पति ने घर में हंगामा कर दिया तथा सामान उठा कर फेंकने लगा। सामान फेंकने का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की,जिससे वह घायल हो गई। पति की मारपीट से हुई आत्मग्लानि के कारण महिला ने सोमवार को फिनाइल पी ली। हालत बिगड़ने के बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने के बाद रोहडाई थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज करने के बाद उग्रसेन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।