नशे के लिए कर दी थी डिलीवरी ब्वाय की हत्या
शहर के हुडा बाईपास स्थित अंसल टाउनशिप में जोमैटो के डिलीवरी ब्वाय महेंद्र की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: शहर के हुडा बाईपास स्थित अंसल टाउनशिप में जोमैटो के डिलीवरी ब्वाय महेंद्र की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। शहर थाना पुलिस द्वारा अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किए गए सती कालोनी निवासी लियोन उर्फ लिटिल व सरस्वती विहार निवासी कृष्ण उर्फ डैनी ने ही महेंद्र की हत्या की थी। दोनों को नशे के लिए रुपये चाहिए थे। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त देसी पिस्तौल व तीन कारतूस भी बरामद किए है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। एक आरोपित लियोन कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
पुलिस उप अधीक्षक मोहम्मद जमाल ने बताया कि जिला पलवल के गांव हुड़िथल निवासी 30 वर्षीय महेन्द्र सिंह पिछले चार माह से अपने परिवार के साथ दुर्गा कालोनी में रहते थे और रात को खाना डिलीवर करने अंसल टाउनशिप जा रहे थे। 16 जनवरी की रात वह मोटरसाइकिल पर खाना डिलीवर करने के लिए अंसल टाउनशिप में जा रहे थे। रास्ते में उनकी गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। मौके उनका पर्स व मोबाइल गायब थे। माडल टाउन थाना पुलिस ने हत्या, लूट व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
भाड़ावास गेट चौकी पुलिस ने किया गिरफ्तार: डीएसपी ने बताया कि हत्यारोपितों की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने माडल थाना, शहर थाना व अपराध अनुसंधान शाखा सीआइए रेवाड़ी की तीन टीमें बनाई थीं। सोमवार शाम भाड़ावास गेट चौकी पुलिस ने सती कालोनी निवासी लियोन उर्फ लिटिल व सरस्वती विहार हाल ईडेन गार्डन निवासी कृष्ण उर्फ डैनी को एक देसी पिस्तौल व तीन जिदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था।दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।
नशे के लिए की हत्या: पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपितों ने डिलीवरी ब्वाय महेंद्र की हत्या करना कबूल कर लिया। आरोपित लियोन उर्फ लिटिल जेल में बंद था और 12 जनवरी को जमानत पर बाहर आया था। लियान व कृष्ण उर्फ डैनी नशे के आदी है और दोनों के पास रुपये नहीं थे। 16 जनवरी की रात को बाईपास पर लूटपाट की फिराक में थे, इसी दौरान दोनों ने महेंद्र को रोक लिया और नकदी छीनने का प्रयास किया था। विरोध करने पर लियोन ने महेंद्र को गोली मार दी थी। आरोपित महेंद्र का पर्स व मोबाइल लेकर फरार हो गए थे। महेंद्र के पर्स में सिर्फ 700 रुपये ही थे। आरोपितों से बरामद देसी पिस्तौल से ही गोली मारी गई थी।
दोनों पर दर्ज हैं आपराधिक मामले: आरोपित लियोन उर्फ लिटिल पर शहर थाना, माडल टाउन थाना, रामपुरा, लोहारू थाना व नारनौल के शहर थाना में स्नैचिग, हत्या का प्रयास, मारपीट, धमकी देने, अपहरण, रंगदारी मांगने, लूट व आर्म्स एक्ट सहित 16 आपराधिक मामले दर्ज है। दूसरे आरोपित कृष्ण उर्फ डैनी पर माडल टाउन थाना में अपहरण, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी व रंगदारी मांगने के दो और रामपुरा थाना में लूट व मारपीट के दो मामले दर्ज है।