डिलीवरी ब्वाय के हत्यारोपितों का नहीं लगा सुराग
हुडा बाईपास स्थित अंसल टाउनशिप के गेट पर रविवार की रात जोमैटो के एक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या करने वालों के बारे में अभी पुलिस को कोई सुराग नहीं लग पाया है।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: हुडा बाईपास स्थित अंसल टाउनशिप के गेट पर रविवार की रात जोमैटो के एक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या करने वालों के बारे में अभी पुलिस को कोई सुराग नहीं लग पाया है। हत्यारोपितों की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा तीन टीमें गठित की गई हैं। अपराध अनुसंधान शाखा की टीम भी आरोपितों के बारे में जानकारी जुटा रही है, लेकिन अभी कामयाबी नहीं मिल पाई है।
पुलिस के अनुसार जिला पलवल के गांव हुडिथल निवासी 30 वर्षीय महेंद्र सिंह वर्तमान में शहर की दुर्गा कालोनी में रहते थे और जोमैटो कंपनी में डिलीवरी ब्वाय का काम करते थे। रविवार की रात को वह खाने का आर्डर लेकर अंसल टाउनशिप में गए थे। इसी दौरान टाउनशिप के गेट के पास किसी ने उनको गोली मार दी थी। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। उनका मोबाइल व पर्स भी गायब था। पुलिस ने लूट व हत्या का मामला दर्ज किया है। अभी पुलिस आरोपितों की तलाश के लिए जानकारियां जुटा रही है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार द्वारा तीन टीमें गठित की गई है, जो हत्यारोपितों की तलाश कर रही है। आरोपितों की तलाश कर जा रही है। पुलिस की टीमों सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। उम्मीद है कि जल्द आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
-कबूल सिंह, एसएचओ माडल टाउन थाना।