रेवाड़ी के बलभद्र सराय में बेसमेंट की खोदाई करते समय दीवार गिरी, चार श्रमिक मलबे में दबे
Wall collapse in Rewari मोहल्ला बलभद्र सराय में बेसमेंट की खोदाई करते समय दीवार गिर गई। इस हादसे में बेसमेंट में काम कर रहे चार श्रमिक दब गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस व प्रशासन की टीमें राहत कार्य में जुटी हुई है।
रेवाड़ी, जागरण संवाददाता। शहर के मोहल्ला बलभद्र सराय में बेसमेंट की खोदाई करते समय दीवार गिर गई। इस हादसे में बेसमेंट में काम कर रहे चार श्रमिक दब गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस व प्रशासन की टीमें राहत कार्य में जुटी हुई है। नीचे दबे श्रमिकों के बचने की उम्मीद न के बराबर है। शहर के मोहल्ला बलभद्र सराय में भवन निर्माण का काम चल रहा है। मध्यप्रदेश के रहने वाले पप्पू, उनकी पत्नी सुनीता बाई व बेटी लक्ष्मीबाई के अतिरिक्त ठेकेदार प्रेम बृहस्पतिवार शाम को बेसमेंट में ही काम में जुटे हुए थे।
बेसमेंट में खोदाई कार्य के दौरान पड़ोसी की पुरानी दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने व मिट्टी खिसकने से ठेकेदार प्रेम, श्रमिक पप्पू, उनकी पत्नी सुनीता व बेटी लक्ष्मी चारों दब गए। चार लोगों के दबने से आसपास काम कर रहे अन्य श्रमिकों ने शोर मचा दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं नगर परिषद के अधिकारी व कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
दो घंटे से कार्रवाई में जुटी है टीम
इस हादसे के बाद रेसक्यू आपरेशन तो तभी शुरू कर दिया गया था लेकिन आपात स्थिति से निपटने में कुशलता की कमी नजर आई। करीब दो घंटे के प्रयासों के बावजूद भी चारों दबे हुए लोगों को निकाला नहीं जा सका था। जेसीबी की मदद से टूटी हुई दीवार का मलबा व मिट्टी हटाने के प्रयास किए जा रहे थे।