रेवाड़ी की बेटी वर्षा ने जीता खेलो इंडिया में स्वर्ण पदक, हर तरफ हो रही तारीफ
वर्षा के पिता कृष्ण कुमार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में दिल्ली में हवलदार के पद पर सेवारत हैं। अपने मेहनत और प्रतिभा के दम पर वर्षा ने खेलो इंडिया में गोल्ड जीता है।
रेवाड़ी [ज्ञानप्रसाद]। असम के गुवाहाटी में चल रही खेलो इंडिया प्रतियोगिता में रेवाड़ी की बेटी ने हैमर थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। जिले के गांव बुड़ौली निवासी वर्षा ने 52.73 मीटर दूर हैमर फेककर रिकॉर्ड बनाया। मंगलवार को हुई प्रतियोगिता में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। वर्षा की मां सुमन देवी ने बताया कि बेटी ने एक बार फिर माता पिता का सिर गर्व से ऊंचा किया है।
बीए प्रथम वर्ष में है वर्षा
20 वर्षीय वर्षा बंगलुरु के मंगलौर विश्वविद्यालय से बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। इससे पहले वर्षा ने कर्नाटक में 8 जनवरी को संपन्न हुई अखिल भारतीय इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता था। इस खिलाड़ी ने चार किलोग्राम का हैमर 54.91 मीटर दूर फेंककर स्वर्ण पदक जीता था।
नियमित अभ्यास से मिला मुकाम
खिलाड़ी के प्रशिक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि वर्षा जब भी रेवाड़ी आती है वह राव तुलाराम स्टेडियम में नियमित रूप से अभ्यास करने आती हैं। इससे पहले भी वर्षा ने जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। इतना ही नहीं पिछले साल इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भी उपविजेता थी।
दादा का सपना कर रही पूरा
वर्षा की मां सुमन देवी ने बताया कि उनके दादा स्व. न्यादर सिंह का सपना था कि उनकी पौत्री खेलों में देश का नाम रोशन करे। आज इस मुहिम में आगे बढ़ रही है। वर्षा के पिता कृष्ण कुमार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में दिल्ली में हवलदार के पद पर सेवारत हैं। प्रशिक्षक डॉ. अनिल कुमार का कहना है कि वर्षा खेलों के प्रति जज्बा और प्रतिभा की धनी है। वे भविष्य की बेहतरीन खिलाड़ी साबित हो सकती हैं। वर्षा की बड़ी बहन की स्नातक की पढ़ाई करने के बाद शादी हो चुकी है वहीं छोटा भाई दिल्ली विश्वविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। जिला खेल अधिकारी परसराम ने वर्षा को बधाई देते हुए जिला के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।