Move to Jagran APP

Rewari Weather News: रेवाड़ी में 46.5 डिग्री पर पहुंचा तापमान, पशुओं पर भी पड़ रहा असर

Rewari Weather News मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

By Mangal YadavEdited By: Published: Wed, 27 May 2020 03:05 PM (IST)Updated: Wed, 27 May 2020 04:52 PM (IST)
Rewari Weather News: रेवाड़ी में 46.5 डिग्री पर पहुंचा तापमान, पशुओं पर भी पड़ रहा असर
Rewari Weather News: रेवाड़ी में 46.5 डिग्री पर पहुंचा तापमान, पशुओं पर भी पड़ रहा असर

रेवाड़ी, जागरण संवाददाता। हरियाणा में भीषण गर्मी का कहर जारी है। बुधवार को भी रेवाड़ी के लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। जिले का अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री पर पहुंच गया जो कि इस मौसम का अब तक का सर्वाधिक अधिकतम तापमान है, वहीं न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री की गिरावट के साथ 25.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

loksabha election banner

इससे पहले मंगलवार का अधिकतम तापमान 46 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस था। अत्याधिक गर्मी व गर्म हवाएं चलने के कारण बाजारों एवं सड़कों पर दिन के समय सन्नाटा पसरने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। तेज गर्मी व लू से बचाव के लिए जिला प्रशासन की ओर से नागरिकों के लिए एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है।

न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी

मंगलवार को अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में एक डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस था।

इसी प्रकार रविवार का अधिकतम तापमान 45 व न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष अधिक गर्मी है। अत्याधिक गर्मी के चलते एसी, कूलर व पंखे भी पूरी तरह से फेल हो चुके हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दिन में 11 से 5 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। गर्मी बढ़ने से मनुष्य के साथ-साथ पशु-पक्षियों का जीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है। पानी की तलाश में पशु-पक्षी इधर-उधर भटकने लगे हैं।

पशुधन पर भी पड़ रहा है असर

गर्मी का असर आमजन पर ही नहीं बल्कि जीव जंतुओं पर भी पड़ रहा है। तेज गर्मी के कारण पशु बीमार भी हो रहे हैं। हीट स्ट्रोक व लू के चलते पशु हांफने लगे हैं। इसके अलावा दुधारू पशुओं में दूध की मात्र भी घट रही है। उन पशुओं को ज्यादा परेशानी हो रही है जो स्टील या लोहे की शेड के नीचे बंधे हुए हैं। अधिक गर्मी के चलते विशेषकर पशुओं में भैंस व गाय ज्यादा प्रभावित हो रही हैं।

बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गौतम यादव का कहना है कि भीषण गर्मी के इस मौसम में कम से कम बाहर निकलें। बीच-बीच में पानी पीते रहें तथा धूप में निकलते समय सिर पर कपड़ा व छाता अवश्य रखें। घर में बने शीतल पेय लस्सी, नींबू पानी, नारियल पानी आदि का ही सेवन करें। अधिक ठंडे पानी का सेवन न करें क्योंकि इससे गला खराब हो सकता है तथा खांसी जुकाम की भी परेशानी हो सकती है। महिलाएं व बच्चे विशेषतौर पर घर से न निकलें क्योंकि इस मौसम में हीट स्ट्रोक का ज्यादा खतरा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.