मकर संक्रांति : गुड़ की भेली नहीं भाई ने भेंट की बहन को प्याज की बोरी, गांव में हो रही चर्चा
किसान भाई से बहन ने गुड़ की भेली के बजाय प्याज मांगी थी। जिसके बाद भाई ने उसे पयाज की बोरी देकर आया। इसकी हर जगह तारीफ हो रही है।
रेवाड़ी, जागरण संवाददाता। प्याज के बढ़ते दाम लोगों से क्या कुछ नहीं करा रहे हैंं। प्याज को लेकर एक रोचक वाक्या गांव डहीना में सामने आया। यहां एक भाई अपनी बहन को मकर संक्रांति की भेंट के तौर पर प्याज देकर आया है। किसान भाई से बहन ने ही गुड़ की भेली के बजाय प्याज मांगी थी। दरअसल डहीना गांव निवासी सतपाल सिंह किसान है तथा उसने अपने आधे एकड़ में प्याज उगाई थी।
प्याज के दाम इन दिनों आसमान छू रहे हैं। सतपाल सिंह की बहन सुलोचना जिनकी ससुराल महेंद्रगढ़ जिला के गांव भीलवाड़ा में है। उनको इस बात की जानकारी है कि भाई ने प्याज की खेती की हुई है। सुलोचना ने अपने भाई को फोन करके कहा कि इस बार मकर संक्रांति पर उसे गुड़ की भेली के बजाय प्याज ही दी जाए।
यहां बता देना जरूरी है कि परंपरा के अनुसार मकर संक्रांति के पावन पर्व पर मायका पक्ष की ओर से बेटियों के घर गुड़ की भेली व घी भिजवाया जाता है। सत्यपाल ने भी बहन की भावनाओं को समझा और बुधवार को बहन के घर प्याज व घी लेकर गए।
सत्यपाल की इस अनूठी भेंट को लेकर गांव में चर्चा बनी रही। सत्यपाल का कहना है कि प्याज के भाव इन दिनों आसमान छू रहे हैं। ऐसे में बहन को प्याज देना ही उचित समझा।