बदमाशों ने जोमैटो के डिलीवरी ब्वाय को गोली मारी, उपचार के दौरान मौत
हुडा बाई पास स्थित अंसल टाउनशिप के गेट पर रविवार की रात अज्ञात बदमाशों ने खाना डिलीवर करने जा रहे एक जोमैटो के एक कर्मचारी को गोली मार दी। दिल्ली के सफदरजंग में उपचार के दौरान सोमवार सुबह युवक की मौत हो गई।

रेवाड़ी, जागरण संवाददाता। हुडा बाई पास स्थित अंसल टाउनशिप के गेट पर रविवार की रात अज्ञात बदमाशों ने खाना डिलीवर करने जा रहे एक जोमैटो के एक कर्मचारी को गोली मार दी। दिल्ली के सफदरजंग में उपचार के दौरान सोमवार सुबह युवक की मौत हो गई। मृतक जिला पलवल के गांव हुडिथल का रहने वाला था और वर्तमान में शहर की दुर्गा कालोनी में रहता था। युवक का पर्स व मोबाइल भी गायब मिला है। युवक को लूटपाट के इरादे से गोली मारने का अंदेशा है। माडल टाउन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार जिला पलवल के गांव हुडिथल निवासी 30 वर्षीय महेंद्र सिंह वर्तमान में शहर की दुर्गा कालोनी में रहते थे और जोमेटो कंपनी में डिलीवरी ब्वाय का काम करते थे। रविवार की रात को वह खाने का आर्डर लेकर अंसल टाउनशिप में गए थे। इसी दौरान टाउनशिप के गेट के पास किसी ने उनको गोली मार दी।
लोगों ने पहुंचाया अस्पताल:
गेट के पास किसी राहगीर ने महेंद्र को घायल हालत में पड़ा देख तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महेंद्र को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। युवक के पेट में गोली लगी हुई थी और उसका पर्स व मोबाइल भी मौके से गायब मिले है। युवक की हालत गंभीर होने के कारण दिल्ली के सफदरजंग के लिए रेफर कर दिया गया। सोमवार की सुबह सफदरजंग में युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
लूट के इरादे से गोली मारने का अंदेशा:
महेंद्र की जेब से उसका पर्स और मोबाइल गायब मिला है, जबकि उनके बैग में खाना मिला है। वह खाना डिलीवरी करने ही अंसल टाउनशिप में जा रहे थे। पुलिस को लूटपाट के इरादे से ही बदमाशों द्वारा गोली मारने का अंदेशा है। माडल टाउन थाना पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
Edited By Pradeep Chauhan