ओमप्रकाश धनखड़ का ठेठ देशी अंदाज में संदेश- 'हांगे का है हरियाणा, बस फोकस थम कर लेणा'
हरियाणा के भाजपा अध्यक्ष ने सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि हरियाणा हांगे का है। बस जरूरत हांगे को फोकस करने की है। ठेठ हरियाणवी में जोर दिखाने अथवा ताकत प्रदर्शित करने को हांगा ल्याणा कहते हैं। फोकस से अभिप्राय किसी खास उद्देश्य पर ध्यान केंद्रित करने से है।
रेवाड़ी [महेश कुमार वैद्य]। हरियाणा प्रदेश के भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने रविवार को ठेठ देसी अंदाज में हरियाणा के युवक-युवतियों के नाम अपना संदेश दिया। यहां के गांव बेरली के सतलुज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित पार्टी के दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने पहुंचे ओमप्रकाश धनखड़ ने पहले कार्यकर्ताओं से और फिर बाद में दैनिक जागरण से बातचीत में हांगे ल्याणा पर अपनी बात फोकस की।
हरियाणा के भाजपा अध्यक्ष ने सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि हरियाणा हांगे का है। बस जरूरत हांगे को फोकस करने की है। ठेठ हरियाणवी में जोर दिखाने अथवा ताकत प्रदर्शित करने को हांगा ल्याणा कहते हैं। फोकस से अभिप्राय किसी खास उद्देश्य पर ध्यान केंद्रित करने से है।
ओम प्रकाश धनखड़ ने बाद में वाट्सएप व फेसबुक आदि इंटरनेट साइट्स पर भी कार्यकर्ताओं के नाम अपना यही संदेश प्रेषित किया। उन्होंने कहा कि सफलता तभी मिलती है जब लक्ष्य केंद्रित होता है। अगर सफलता के लिए हरियाणा के युवा अपने हांगे (शक्ति) को फोकस (केंद्रित) कर लेंगे तो हर क्षेत्र में सभी सफलताएं उनकी होगी। उन्होंने देसी तड़का लगाते हुए कहा कि च्म्हारे जैसा हांगा नहीं और फोकस करा पाछे म्हारे जिसे फोकस्ड भी ना सै, हम जित लाग ज्या हट्या ना कराज।
शिक्षण, प्रशिक्षण एवं प्रभाव
ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रशिक्षण शिविरों को गंभीरता से लेने की जरूरत है। हम इन शिविरों के माध्यम से अपने कुनबे को पूरे तरह पारंगत बना रहे हैं। इन शिविरों से तीन लक्ष्य सिद्ध हो रहे हैं। शिक्षण, प्रशिक्षण एवं प्रभाव। शिक्षण के तहत हम पार्टी के अतीत और वर्तमान को समझ रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से हम नेतृत्व का गुण विकसित कर रहे हैं। सोशल मीडिया व इवेंट मैनेजमेंट में कार्यकर्ताओं को पारंगत बना रहे हैं। इतना हासिल करने के बाद शिक्षण और प्रशिक्षण का प्रभाव पैदा होता है। यही प्रभाव पार्टी की ताकत बनता है।