हरियाणा के इस 'लाल' ने इंडोनेशिया में रचा इतिहास, रेवाड़ी में खुशी की लहर Rewari News
गांव जखाला के रहने वाले डॉ. सोमवीर ने सोमवार को इंडोनेशिया की बाली विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली।
रेवाड़ी [अमित सैनी]। सिर्फ रेवाड़ी जिला के लिए ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। जिला के गांव जखाला के रहने वाले डॉ. सोमवीर ने सोमवार को इंडोनेशिया की बाली विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली।
जानकारी के मुताबिक डॉ. सोमवीर ने दो सितंबर को पद की शपथ ली।
डॉ. सोमवीर की इन उपलब्धियों की जानकारी जैसे ही उनके पैतृक गांव में पहुंची खुशी की लहर दौड़ गई। गांव में ही रह रहे उनके पिता महाशय श्योचंद व माता सरिया देवी की आंखों से तो खुशी के आंसू ही नहीं रुक रहे हैं।
पांच साल का होगा कार्यकाल
बाली विधानसभा के सदस्य बने डॉ. सोमवीर ने इसी वर्ष अप्रैल महीने में चुनाव जीता था। 17 अप्रैल 2019 को हुए इंडोनेशियन प्रोविनशियल इलेक्शन में बाली ने नेशनल डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के रूप में बुलेलेंग से चुनाव लड़ा था और अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 4113 मतों से हराया था। डॉ. सोमवीर का विधानसभा सदस्य के तौर पर कार्यकाल पांच वर्ष का यानि 2019 से 2024 तक का होगा।
10 पुस्तकें लिख चुके हैं डॉ. सोमवीर
डॉ. सोमवीर बीते करीब 25 सालों से इंडोनेशिया में रह रहे हैं। वर्ष 2009 में उन्होंने इंडोनेशिया की नागरिकता भी ग्रहण कर ली थी। स्व. अटल बिहारी वाजपेयी बतौर प्रधानमंत्री जब इंडोनेशिया दौरे पर गए थे तब डॉ. सोमवीर ही उनके साथ अनुवादक के तौर पर रहे थे।
दिल्ली विवि से रामायणा इन इंडोनेशिया विषय पर पीएचडी करने वाले डॉ. सोमवीर इंडोनेशिया विश्वविद्यालय जकार्ता व उदयना विश्वविद्यालय बाली में भारतीय दर्शन व संस्कृति विषय के प्रवक्ता रह चुके हैं। वर्तमान में वे प्रतिष्ठित योगाचार्य के रूप में विख्यात हैं और भारतीय दर्शन व संस्कृति को लेकर 10 पुस़्तकें भी लिख चुके हैं।
ये भी पढ़ेंः विकास चौधरी हत्याकांड में गैंगस्टर कौशल को प्रोडक्शन रिमांड पर फरीदाबाद ले गई पुलिस