Move to Jagran APP

वृद्धाश्रम पहुंचीं महिला आयोग की सदस्य, कार्यशैली पर उठाए सवाल

जिले के एक वृद्धाश्रम में रहने वाली बुजुर्ग द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के मामले की जांच के लिए महिला आयोग की टीम रेवाड़ी पहुंची

By JagranEdited By: Published: Fri, 23 Oct 2020 04:20 PM (IST)Updated: Fri, 23 Oct 2020 04:20 PM (IST)
वृद्धाश्रम पहुंचीं महिला आयोग की सदस्य, कार्यशैली पर उठाए सवाल
वृद्धाश्रम पहुंचीं महिला आयोग की सदस्य, कार्यशैली पर उठाए सवाल

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी : जिले के एक वृद्धाश्रम में रहने वाली बुजुर्ग द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के आरोप व एक वृद्धा के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने के मामले में महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। शुक्रवार को हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य इंदु यादव वृद्धाश्रम पहुंची। आयोग की सदस्य ने वृद्धाश्रम में समाज कल्याण अधिकारी की कार्यशैली पर असंतोष जाहिर करते हुए फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारी से सरकार के पास शिकायत भेजने की चेतावनी दी तथा डीएसपी को दुष्कर्म पीड़ित वृद्धा को खोजने के निर्देश दिए है।

loksabha election banner

शुक्रवार की दोपहर बाद महिला आयेाग की सदस्य इंदु यादव वृद्धाश्रम पहुंची। आश्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी रेनूबाला, डीएसपी मुख्यालय हंसराज, शहर थाना एसएचओ संजय कुमार मौजूद रहे। इंदु यादव ने आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों से बातचीत की। उन्होंने दुष्कर्म व एक वृद्धा के साथ मारपीट के मामले के बारे में कर्मचारियों से पूछताछ की। उन्होंने मारपीट का वीडियो बनाने वाली महिला से भी पूछताछ की। बुजुर्गों से बातचीत करने व कर्मचारियों से पूछताछ के बाद उन्होंने वृद्धाश्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी के कार्यों पर असंतुष्टि जताते हुए जम कर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि आश्रम में सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। बुजुर्गों को कपड़े खुद धोने पड़ रहे हैं। सरकार आश्रम का पूरा खर्चा उठा रही है, इसके बावजूद दान पर निर्भरता समझ से परे है। यहां दान की आवश्यकता ही नहीं है। वह इस बारे में शिकायत सरकार के पास भी भेजेंगी। अभी भी लापता है पीड़िता जांच के दौरान पता लगा कि दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली वृद्धा अभी भी लापता है। उन्होंने कहा कि वीडियो देखकर दुख हुआ। एक महिला दूसरी कमजोर बुजुर्ग महिला को पीट रही है। कर्मचारी उसे बचाने व पीटने वाली महिला को रोकने की बजाय वीडियो बना रहे हैं। यह दुखद है। उन्होंने डीएसपी हंसराज से पीड़िता की शीघ्रता से तलाश करने तथा कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म के मामले में जांच कर कार्रवाई होनी चाहिए। शिकायतकर्ता भी मारपीट या अन्य मामलों में दोषी है तो उस पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। डीएसपी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में मामला दर्ज कर मेडिकल कराया गया था। इस मामले में अभी एफएसएल रिपोर्ट के आने का इंतजार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यहां बता दें कि एक महिला ने करीब एक माह पूर्व आश्रम के दो कर्मचारियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए महिला थाने में मामला दर्ज कराया था। शिकायत करने वाली महिला के खिलाफ भी समाज कल्याण विभाग द्वारा आश्रम से रिकार्ड चोरी करने का मामला दर्ज कराया गया था। इसके अतिरिक्त बुजुर्ग महिला से डंडे से मारपीट करने का भी आरोप है। वह वीडियो में पिटाई करती हुई दिखाई दे रही है। मारपीट का मामला अगस्त का है। मारपीट की पीड़ित दूसरी महिला की मौत हो चुकी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.