कन्या जन्म पर किया कुआं पूजन
नवजात कन्या गर्विका के दादा ईश्वर सिंह और दादी सरोज देवी ने बताया कि परिवार में कन्या के आगमन से खुशी का माहौल बना हुआ है। बेटियों से ही तो घर में रौनक आती है।
संस, बावल: गांव प्राणपुरा में कन्या जन्म के उपलक्ष्य में कुआं पूजन और प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। नवजात कन्या गर्विका के दादा ईश्वर सिंह और दादी सरोज देवी ने बताया कि परिवार में कन्या के आगमन से खुशी का माहौल बना हुआ है। बेटियों से ही तो घर में रौनक आती है। उनकी बेटी और बहू उच्च पदों पर कार्यरत हैं। नवजात गर्विका के पिता विकास यादव बिजली निगम में एसडीओ हैं तथा माता नेहा बागवानी अधिकारी हैं। दो वर्ष पहले दंपती ने दहेज रहित विवाह करके समाज में अनुकरणीय उदाहरण पेश किया था। मां नेहा ने कहा कि हमें अपनी रूढ़ीवादी सोच को पीछे छोड़ना होगा तभी समाज की तरक्की संभव है। कन्या के जन्म पर वो सभी रस्में की गई जो बेटे के जन्म पर की जाती हैं। गांव के गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में पहुंचकर नवजात को आशीर्वाद दिया तथा परिवार के लोगों की इस पहल की सराहना भी की।