कल एक साथ पूरा हरियाणा बोलेगा जय हिद बोस
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डा. राकेश ने कहा कि देश की आजादी के 75वें वर्ष को अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डा. राकेश ने कहा कि देश की आजादी के 75वें वर्ष को अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है। इस महोत्सव के तहत प्रदेश में भाजपा ने भी ऐसे स्वतंत्रता सेनानियों को इतिहास में जगह दिलाने और इनकी शौर्य गाथाओं को घर-घर पहुंचाने का बीड़ा उठाया है, जिन्हें देश से छुपाया गया।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ स्वयं कर रहे हैं। 23 जनवरी को एक साथ पूरा हरियाणा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर जय हिद बोस बोलेगा। आजादी के 90 साल के संघर्ष में देश के तीन लाख 27 हजार सेनानियों ने बलिदान दिया है। वह शुक्रवार को भाजपा के जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि सबसे पहले वर्ष 1858 में झांसी की रानी के 200 वीर सैनिकों को वाइपर टापू पर बंदी बनाया गया था। यह एक खुली जेल थी, जिसे चेन जेल भी कहा गया, क्योंकि सैनिकों को अंग्रेज एक ही चेन से बांधकर छोड़ देते थे ताकि वह तैरकर समुद्र के रास्ते भाग ना सकें। इस टापू का वाइपर टापू नाम इसलिए रखा गया, क्योंकि यहां वाइपर प्रजाति के जहरीले सांप होते थे। जिनके बीच स्वतंत्रता सेनानियों को बांधकर छोड़ा गया था।
जिलाध्यक्ष हुकमचंद यादव ने कहा कि आजाद हिद फौज में रेवाड़ी जिले की भी अहम भूमिका रही थी। रेवाड़ी जिले के अनेकों गांव से लोगों ने आजादी के स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया था। प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के नेतृत्व में इस बार पूरे हरियाणा में एक साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाने का निर्णय लिया गया है जिसके तहत जिले के हर गांव व शहर के प्रत्येक वार्डों में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस कार्यक्रम की तैयारी बड़े जोरो शोरो से चल रही है तथा सभी पदाधिकारियों को इसकी जिम्मेदारियां भी सौंप दी गई है। इस अवसर पर किसान मोर्चा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामपाल यादव, सेवा प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक सतीश खोला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सिंहराम महलावत, पूर्व मंत्री जसवंत सिंह बावल, जिला महामंत्री ईश्वर चनीजा, जिला उपाध्यक्ष अमित यादव, विस्तारक उमेद सिंह, मीडिया प्रभारी एडवोकेट नितेश अग्रवाल आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।