हर मतदाता के घर पहुंचे पन्ना प्रमुख: मनोहर लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पन्ना प्रमुख पार्टी की जीत में सबसे अहम किरदार निभा सकते हैं। ये पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी है कि वे हर मतदाता तक पहुंचे तथा उन्हें पोलिग बूथ तक लेकर आएं। निश्चित तौर पर इसके सकारात्मक परिणाम हासिल होंगे। मुख्यमंत्री सोमवार को कोसली में विधायक बिक्रम सिंह यादव के कार्यालय में कोसली विधानसभा के पन्ना प्रमुखों की बैठक ले रहे थे।
संवाद सहयोगी, कोसली : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पन्ना प्रमुख पार्टी की जीत में सबसे अहम किरदार निभा सकते हैं। ये पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी है कि वे हर मतदाता तक पहुंचे तथा उन्हें पोलिग बूथ तक लेकर आएं। निश्चित तौर पर इसके सकारात्मक परिणाम हासिल होंगे। मुख्यमंत्री सोमवार को कोसली में विधायक बिक्रम सिंह यादव के कार्यालय में कोसली विधानसभा के पन्ना प्रमुखों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुखों का एक ही लक्ष्य है कि वो मतदाता सूची के पन्ने पर दर्ज मतदाताओं से बार-बार संपर्क करे तथा चुनाव के दिन यह निश्चित कर लें कि पन्ने पर दर्ज सभी मतदाता पोलिग बूथ पर पहुंचे तथा पार्टी के पक्ष में मतदान करें। एक पन्ने पर 60 मतदाताओं के नाम दर्ज होने का मतलब है कि कम से कम 15 परिवार। पन्ना प्रमुख को केवल परिवार के मुखिया से ही संपर्क नहीं करना है, बल्कि प्रत्येक सदस्य तक उसकी पहुंच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक के मंगलूर जिले में भाजपा ने यह प्रयोग अपनाया था तथा जिले की 11 विधानसभाओं में से 9 में जीत हासिल की थी। देश के टुकड़े करना चाहती है कांग्रेस
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसली सैनिकों की भूमि है तथा भाजपा के लिए विकास के साथ ही राष्ट्र सुरक्षा सबसे ऊपर है। वहीं कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में देशद्रोह की धारा खत्म करने की बात कही है। यानि कोई देश के टुकड़े करना चाहेगा तो कांग्रेस उसका साथ देगी। संगठन मंत्री सुरेश भट्ट, विधायक बिक्रम सिंह यादव, प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष अरविद यादव, जिलाध्यक्ष योगेंद्र यादव, लक्ष्मण यादव ने भी बैठक को संबोधित किया। इनसेट:
जैनाबाद में शहीद अजय कुमार के घर पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मनोहर लाल इसके पश्चात जैनाबाद गांव में शहीद अजय कुमार के घर पहुंचे तथा श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनके साथ शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा, विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास, विधायक बिक्रम सिंह यादव, व्यवसायिक प्रकोष्ठ संयोजक सतीश खोला सहित पार्टी के अन्य नेता भी थे। उन्होंने कहा कि शहीद अजय कुमार का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। सेना सीमा पर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रही है।