यज्ञ करने से वातावरण होता है शुद्ध
बाबा मुक्तेश्वरपुरी मठ के महंत शिवपुरी महाराज और बाबा मुक्तेश्वरपुरी आदर्श मठ समिति की ओर से मकर संक्रांति पर आसपास के गांवों के 90 वर्ष से अधिक आयु के 53 बुजुर्गों को कंबल तथा 500 रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया।
संवाद सहयोगी, कोसली: बाबा मुक्तेश्वरपुरी मठ के महंत शिवपुरी महाराज और बाबा मुक्तेश्वरपुरी आदर्श मठ समिति की ओर से मकर संक्रांति पर आसपास के गांवों के 90 वर्ष से अधिक आयु के 53 बुजुर्गों को कंबल तथा 500 रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया। मठ कमेटी के प्रधान महेंद्र सिंह ने कहा कि बुजुर्ग हमारे लिए सम्मान के पात्र हैं। उन्होंने बुजुर्गों को इस बात का भी आश्वासन दिया कि वह किसी भी प्रकार की समस्या को लेकर उनसे मुलाकात कर सकते हैं। सोसायटी के सचिव पं. गुरुदत्त ने बताया कि मठ की ओर से सोसायटी द्वारा हर वर्ष मकर संक्रांति पर 90 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को सम्मानित किया जाता है। इस मौके पर महंत शिवपुरी महाराज, डा. सुचेत, गुरुदत्त शर्मा, डा. सुषमा यादव, सुक्रमपाल आदि मौजूद थे।
75 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों का किया सम्मान: गांव कान्हड़वास में मकर संक्रांति पर बुजुर्गों का सम्मान किया गया। ग्रामीणों ने अलाव जलाकर परंपरागत तरीके से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान जहां पुरुषों द्वारा वाद्य यंत्र बजाए गए तथा महिलाओं द्वारा धार्मिक गीत गाए गए। वहीं वट वृक्ष सामाजिक संस्था के 75 वर्ष पूरे कर चुके 80 महिलाओं और पुरुषों को सम्मानित किया गया।
मकर संक्रांति पर आयोजित हुआ यज्ञ: गांव बालधन कलां में मकर संक्रांति पर्व पर यज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह यादव सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लेकर यज्ञ में आहूति डाली। पूर्व मंत्री ने कहा कि यज्ञ का हमारी संस्कृति में विशेष महत्व है। यज्ञ से न केवल वातावरण शुद्ध होता है, साथ ही अध्यात्म को बढ़ावा मिलता है। पं. गुरुदत्त स्वामी ने बताया कि यज्ञ का आयोजन विश्व शांति और देश में शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया, जिससे युवा पीढ़ी को नई प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर चेयरमैन अजय पाल, सुरेंद्र माडिया, निरंजन, देवेंद्र आदि मौजूद थे।