अंबाला में मकान की तीसरी मंजिल की छत पर सो रहा था युवक, गिरने से मौत
अंबाला में मकान की तीसरी मंजिल की मौंटी पर सो रहा था युवक। छत से गिरने से युवक की मौत हो गई। अंबाला शहर पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। साथ ही मृतक के स्वजनों को सूचना भी दे दी है।
अंबाला शहर, जागरण संवाददाता। मकान की तीसरी मंजिल की मौंटी पर सो रहा युवक छत से गिर गया। हादसे में 28 वर्षीय अर्जुन पंडित की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि आसपास के लोगों ने उसे जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंबाला शहर पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। साथ ही मृतक के स्वजनों को सूचना भी दे दी है।
जानकारी के अनुसार अंबाला शहर में गुडमंडी में अर्जुन काम करता था। वह बिहार से यहां आया हुआ था और यहीं पर किराये पर मकान लेकर रहता था। गर्मी के चलते वह अकसर तीसरी मंजिल की छत की मौंटी पर ही सोता था। वीरवार रात भी रोजाना की तरह सोया था। लेकिन शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे कैसे वह छत से गिरा इसकी किसी को कोई खबर नहीं है। हालांकि अभी इसे हादसा ही माना जा रहा है। स्वजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। साथ ही इसके बाद ही पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।