एक महीने पहले जिस घर में गूंजी शादी की शहनाई, अब वहां मातम का शोर, युवक ने दे दी जान
हरियाणा के पानीपत में एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। युवक की एक महीने पहले ही शादी हुई थी। परिवार वालों को भी अभी आत्महत्या की वजह की जानकारी नहीं है। मामला बिशन स्वरूप कॉलोनी का है।
पानीपत, जेएनएन। एक महीने पहले युवक की शादी हुई थी। उसी ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। परिवार वाले हैरान हैं कि उनके बेटे ने ऐसा कदम क्यों उठाया। भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। पानीपत के बिशन स्वरूप कालोनी में रहता है परिवार। जहर खाने के बाद अपने दोस्त को फोन पर बताया था कि तबीयत खराब हो गई है।
बिशन स्वरूप कालोनी में रहता है गौरव सिंगला का परिवार। 29 वर्षीय गौरव की एक महीना पहले शादी हुई थी। वह मोबाइल रिपेयरिंग और बेचने का काम करता है। घर में अभी खुशी का माहौल बना हुआ था कि बेटे ने जहर खा लिया। किसी को समझ नहीं आ रहा कि आखिर गौरव ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
मैं स्काईलार्क में हूं, आ जा
गौरव ने अपने दोस्त लतीफ गार्डन में रहने वाले अमन को फोन किया। उसे कहा कि उसकी तबीयत खराब हो गई है। वह स्काईलार्क में है। उसे संभाल ले। अमन को कुछ गड़बड़ लगी। वह दौड़ा-दौड़ स्काईलार्क पहुंचा। वहां देखा कि गौरव की हालत खराब है। वह उसे तुरंत पानीपत के प्रेम अस्पताल में लेकर पहुंचा। उसकी जान बचाने की काफी कोशिश हुई लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
परिवार में एक भाई, बहन
परिवार में मां-पिता के अलावा एक भाई और बहन है। गौरव सबसे छोटा है। उसकी शादी जींद के उचाना की रहने वाली ईनू से हुई थी। परिवार वालों ने पुलिस को बताया है कि उनका किसी से झगड़ा नहीं था। किसी से लेनदेन नहीं था। पता नहीं गौरव ने जहर क्यों खाया। पानीपत की तहसील कैंप चौकी पुलिस जांच कर रही है। कारण का पता लगाया जा रहा है।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें