युवक ने पहले नाबालिग से रचाई शादी, आरोप- प्रेमी ने दूसरे व्यक्ति से कराया दुष्कर्म
करनाल में युवक ने पहले बिहार की रहने वाली नाबालिग से शादी रचाई। इसके बाद उसे करनाल ले आया। करनाल में उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर दूसरे व्यक्ति के साथ भी दुष्कर्म कराया। इसके बाद पानीपत में मुंहबोली दादी के घर छोड़कर फरार हो गया।
करनाल, जागरण संवाददाता। एक युवक द्वारा पहले नाबालिग से मंदिर में शादी रचाने और फिर खुद व अन्य व्यक्ति द्वारा भी दुष्कर्म कराए जाने का मामला सामने आया है। आरोपित पीड़िता को पानीपत में मुंह बोली दादी के पास छोड़कर फरार हो गया, जिसके बाद पीड़िता पानीपत पुलिस के पास न्याय की गुहार लेकर पहुंची तो पुलिस ने मामला दर्ज कर जीरो एफआइआर करनाल पुलिस को भेजी है, जिसके बाद करनाल पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से बिहार की रहने वाली 16 वर्षीय पीड़िता ने पानीपत थाना किला पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाते हुए बताया कि 8 मार्च को करनाल वासी युवक ने उसके साथ बिहार में शादी की थी, जिसके बाद वह उसे लेकर करनाल आ गया। यहां उसे दो दिन ठीक रखा और उसके बाद आरोपित ने अपने घर पर उसके साथ जबरदस्ती गलत काम किया। यहीं नहीं उसने किसी अन्य व्यक्ति से भी उसके साथ गलत काम कराया।
इसके बाद आरोपित युवक उसे 28 अप्रैल को मुंह बोली दादी के पास छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोपित के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाते हुए कहा कि अब वह उसके साथ नहीं रहना चाहती। पानीपत पुलिस ने पीड़िता का वहां सामान्य अस्पताल में मेडिकल कराने उपरांत आरोपित के खिलाफ जीरो एफआइआर दर्ज कर मामला करनाल पुलिस को भेज दिया, जिसके बाद यहां पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ प्रमोद गोतम का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। आरोप-प्रत्यारोप का मामला था।