यमुनानगर में चोरी करते वक्त करंट से हुई मौत, दोस्तों ने आत्महत्या दिखाने नहर में फेंका शव
यमुनानगर में हत्या के मामले का पर्दाफाश हुआ। चोरी करते वक्त युवक की करंट लगने से मौत हो गई थी। दोस्तों ने आत्महत्या दिखाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया था। 31 दिसंबर को नहर से शव मिला था।
रादौर (यमुनानगर), संवाद सहयोगी। यमुनानगर रादौर के गांव गुमथला निवासी 22 वर्षीय गुरदेव की मौत के मामले में पुलिस ने नया पर्दाफाश किया है। उसका शव 31 दिसंबर को करनाल के गांव कुराली में पश्चिमी यमुना नहर से बरामद हुआ था। पुलिस की जांच में सामने आया कि गुरदेव दोस्तों के साथ ट्रांसफार्मर का सामान चोरी करने के इरादे से गांव कलरी में गया था।
इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई थी। उसके साथियों ने मौत की वजह छिपाने के लिए शव को पश्चिमी यमुना नहर में फेंक दिया था। स्वजनों ने भी मृतक गुरदेव के दोस्तों पर ही शक जताया था। अब पुलिस ने मामले में आरोपित गुमथला निवासी जीशान व करनाल के गांव मुसीपुर निवासी रवि पर केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
काल डिटेल व मोबाइल लोकेशन से खुला राज
जठलाना थाना प्रभारी पूर्ण सिंह ने बताया कि गुरदेव व उसके दोस्तों के मोबाइल नंबर की काल डिटेल व लोकेशन निकाली गई। इसके बाद जीशान व रवि को पूछताछ में शामिल किया गया। पूछताछ में सामने आया कि गुरदेव को चोरी करने के लिए अपने साथ इंद्री के गांव ले गए थे। वहां एक किसान के खेत से ट्रांसफार्मर की लाइन काटकर उपकरण चोरी करने थे। गुरदेव को ट्रांसफार्मर पर चढ़ा दिया था। उस समय सभी नशे में थे। नशा अधिक होने की वजह से उन्होंने अचानक ट्रांसफार्मर की लाइन चालू कर दी, लेकिन तब तक गुरदेव नीचे नहीं उतर पाया था। करंट लगने से वह नीचे गिर गया। जिस पर जीशान व रवि उसे बाइक पर इलाज के लिए लाडवा के सरकारी अस्पताल में लेकर गए थे। जहां डाक्टरों ने गुरदेव को मृत बता दिया। तब आरोपितों ने बहाना बनाया कि वह गुरदेव को किसी अन्य अस्पताल में दिखाना चाहते हैं। यह कहकर वह डाक्टरों की नजरों से बचते हुए शव को वहां से लेकर फरार हो गए थे। मामले को दबाने व इसे आत्महत्या दिखाने के इरादे से उन्होंने गुरदेव के शव को गांव कुराली के पास नहर में फेंक दिया था। गांव गुमथला निवासी गुरदेव 27 दिसंबर को घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। स्वजनों ने जठलाना थाना पुलिस को शिकायत दी गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। 31 दिसंबर को शव पश्चिमी यमुनानहर में मिला था।