अंबाला में बेटे को रातभर तलाशते रहा परिवार, सुबह खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव
एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतक एक माह पहले ही मानव चौक पर करियाना की दुकान पर काम पर लगा था। दो महिला डाक्टरों के बोर्ड ने शव का किया पोस्टमार्टम। स्वजनों के बयान दर्ज कर 174 की हुई कार्रवाई।
अंबाला, जागरण संवाददाता। पटियाला के गांव हडाणा के रहने वाले 20 वर्षीय युवक संजीव कुमार का शव शनिवार को जमीतगढ़ रोड पर खेतों में जामुन के पेड़ से फंदे से लटका मिला। गले में कपड़े का फंदा और मुंह पर सफेद रंग का रूमाल तथा जमीन से करीब चार फीट ऊंचाई पर शव था। किसान बृजमोहन ने सबसे पहले शव को देखा और तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी। मृतक की जेब से आधार कार्ड मिलने के बाद शिनाख्त हुई है जबकि, उधर परिवार के लोग संजीव को रातभर से तलाश रहे थे। पुलिस द्वारा फोन पर सूचना मिलने के बाद स्वजन मौके पर पहुंचे। उसके बाद शव को नीचे उतरवाया। मृतक के भाई के ब्यान दर्ज करने के बाद शव का दो महिला डाक्टरों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाया गया।
मृतक एक माह पहले लगा था दुकान पर
पुलिस को दिए बयानों में मृतक संजीव कुमार के भाई अमरीक सिंह ने बताया कि वह तीन भाई और दो बहने हैं। पिता ज्ञान सिंह मेहनत-मजदूरी का काम करते हैं। उसका भाई संजीव पहले सिटी की कपड़ा मार्केट में काम करता था। अब एक माह पहले ही मानव चौक करियाना की दुकान पर लगा था। रोजाना वह गांव से दुकान पर बस से आता था और करीब शाम सात बजे तक घर पहुंच जाता था। शुक्रवार को वह अपने काम पर गया था, लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंचा तो चिंता होने लगी। करीब ढाई बजे तक अमरीक, मनदीप, कमप्रीत व जगदीश संजीव की तलाश करते रहे, मगर कुछ पता नहीं चला। इसके बाद वह सभी घर लाैट आए। अगले दिन शनिवार सुबह सदर पुलिस की तरफ से संजीव का शव मिलने की सूचना मिली तो वह सब हैरान हो गए। इसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे। गांव जमीतगढ़ के खेतों में आकर देखा तो जामुन के पेड़ से संजीव का शव लटका हुआ था।
स्वजन बोले, इस तरक कदम नहीं उठा सकता था संजीव
मृतक के भाई अमरीक सिंह व मनदीप व उसके मामा का कहना था संजीव काफी समझदार था, उसके पास कोई फोन भी नहीं था। वह इतनी दूर खेतों में फंदा क्यों लगाएगा। देखकर लगता नहीं है उसने आत्महत्या की होगी, उन्हें शक है किसी ने उसे मारकर यहां लटका दिया है। उधर, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा स्वजनों के हवाले कर दिया है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई थी। शव जामुन के पेड़ से लटका हुआ था। इसके बाद स्वजनों को इसकी सूचना दी गई। स्वजनों के बयान दर्ज कर 174 की कार्रवाई करने के बाद बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है।
-सुरेश कुमार, एसएचओ, शहर सदर थाना, अंबाला शहर।