भाई के साथ हुआ प्रापर्टी को लेकर विवाद, सहन न कर सका, जहरीला पदार्थ निगल दी जान
यमुनानगर में एक युवक ने जहरीला पदार्थ निगल जान दे दी। भाई के साथ प्रापर्टी के बंटवारे को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद युवक ने जहर खाकर दे दी जान। मृतक के भाई मां भाभी व बहन के खिलाफ केस दर्ज।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। प्रापर्टी के विवाद में परेशान होकर वीरनगर निवासी 30 वर्षीय चिराग ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना तीन जनवरी की है, लेकिन मृतक की पत्नी साक्षी ने अब मामले की पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मृतक चिराग के भाई दीपांशु, उसकी मां लता, भाभी चाहत, बहन उपासना व जीजा कमल पर केस दर्ज किया है। अर्जुननगर चौकी इंचार्ज वेदपाल ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। तफ्तीश की जा रही है।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, वीरनगर निवासी चिराग की शादी वर्ष 2020 में साक्षी के साथ हुई थी। आरोप है कि चिराग की मां व जीजा ने झूठ बोलकर यह शादी कराई थी। उन्होंने कहा था कि चिराग नोएडा में नौकरी करता है, लेकिन वह कुछ काम नहीं करता था। कुछ दिनों बाद ही उसने काम शुरू करने के नाम पर शादी में मिले सभी जेवर गिरवी रख दिए थे। जिसको लेकर चिराग व उसके भाई दीपांशु का झगड़ा होने लगा। तीन जनवरी को चिराग व दीपांशु के बीच मकान के बंटवारे को लेकर झगड़ा हुआ था। रोजाना के झगड़े से परेशान चिराग ने उसी रात को जहरीला पदार्थ निगल लिया। जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।
साक्षी का आरोप है कि पति की तबीयत बिगड़ने के बाद भी ससुराल वालों ने उसे अस्पताल में दाखिल नहीं कराया। जिस पर साक्षी ने ही अपने किसी दोस्त को बुलाया और उसकी मदद से पति चिराग को अस्पताल में लेकर गई। वहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया गया। पांच जनवरी को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। साक्षी का आरोप है कि उसके पति को प्रोपर्टी में हिस्सा नहीं दिया गया। उसके साथ मारपीट की। उसने अपने परिवार वालों से ही परेशान होकर जहर खाकर जान दी है।