प्लाईवुड फैक्ट्री में श्रमिक की मौत, प्लाई के पत्ते लगने से हुआ हादसा
यमुनानगर में खजूरी रोड पर प्लाईवुड फैक्ट्री में एक श्रमिक की मौत हो गई। श्रमिक की प्लाई के पत्ते लगने की वजह से मौत हुई। मृतक के स्वजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने 174 की कार्रवाई की।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। खजूरी रोड पर नॉर्दन प्लाइवुड फैक्ट्री में 38 वर्षीय कृष्णकांत तिवारी की प्लाई के पत्ते लगने से मौत हो गई। फैक्ट्री में कार्य करते समय मशीन का गुल्ला निकल गया। जिससे भारी प्लाई कृष्णकांत की छाती में लगी। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां उनकी सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि मृतक के स्वजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया। मामले में 174 की कार्रवाई की गई। मूल रुप से बिहार के जिला रोहताश के गांव धोबहीहा निवासी कृष्णकांत तिवारी यहां शादीपुुर में किराये के मकान में रहता था। यहीं पर वह नॉर्दन प्लाईवुड फैक्ट्री में नौकरी करता था। रविवार को फैक्ट्री में कार्य कर रहा था। उनके भाई अजय सिंह ने बताया कि वह रविवार को मशीन पर कार्य कर रहे थे। तभी मशीन का गुल्ला निकल गया। जिससे भारी प्लाई कृष्णकांत के पेट व छाती पर आकर लगी। वह मौके पर गिर पड़े। तुरंत उन्हें निजी अस्पताल में दाखिल कराया था। जहां सोमवार को उनकी मौत हो गई।
इधर, चोरी के दो आरोपित प्रोडक्शन रिमांड पर
सीआइए वन की टीम ने चोरी के दो आरोपितों को जिला जेल से प्रोडक्शन रिमांड पर लिया। आरोपितों से पूछताछ में चार वारदातों का पर्दाफाश हुआ। सीआइए वन के इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि जगाधरी जेल में बाडी माजरा निवासी विक्की पंडित व ललित उर्फ कांचा स्नेचिंग के आरोप में बंद है। दोनों आरोपितों को प्रोडक्शन रिमांड पर लिया गया। इन आरोपितों ने 24 मार्च को शांति कालोनी से बाइक चोरी की और उसके बाद 28 मार्च को माडल टाउन व फर्कपुर में महिलाओं के साथ दो स्नेचिंग की वारदातें की। इसके अलावा उन्होंने तक 31 मार्च को भी थाना शहर यमुनानगर एरिया में स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया। वारदात में प्रयोग की गई बाइक भी आरोपितों की निशानदेही पर बरामद की गई।