रिफाइनरी में मनाया महिला दिवस
पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। यहां इस समय 90 महिलाएं कार्यरत हैं।
संवाद सूत्र, रिफाइनरी : पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। यहां इस समय 90 महिलाएं कार्यरत हैं। शारीरिक दूरी का खास ध्यान रखते यह कार्यक्रम तीन अलग-अलग जगह हुए। कार्यकारी निदेशक गोपाल चंद्र सिकदर ने बताया कि वेबिनार का भी आयोजन किया गया। पूर्व डीसी सुमेधा कटारिया, एएसपी पूजा वशिष्ठ ने इसमें भाग लिया।
सुमेधा कटारिया ने कहा कि यद्यपि महिलाएं जीवन के हर क्षेत्र में अच्छी प्रगति कर रही हैं, फिर भी वे अपने जीवन में महत्वपूर्ण फैसले लेने में अभी भी पीछे हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भारत को आत्मनिर्भर देश बनाने के लिए अधिक से अधिक योगदान करने के लिए प्रेरित किया। पूजा वशिष्ठ ने महिला सदस्यों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें किसी भी कठिन कार्य को करने में संकोच नहीं करना चाहिए। महिलाएं ही हैं जो यदि एक बार ठान लें तो इस दुनिया में कुछ भी कर सकती हैं।
सिकदर ने कहा कि दुनिया भर में महिलाएं फ्रंटलाइन कोरोना योद्धाओं के रूप में अपनी और अधिक ताकत से आगे आकर काम कर रही हैं। अब पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए बराबर के अधिकार हैं। एचआर सीजीएम महुआ बसु ने भी विचार रखे।