महिला को लिव इन में रखा, फिर उसी की सहेली से कर ली शादी
तीन साल पहले पानीपत के सेक्टर-12 क्षेत्र के युवक ने शादी का झांसा देकर प्रेम जाल में फंसाया। नौ महीने से अंसल सुशांत सिटी में लिव इन में रहा।
जागरण संवाददाता, पानीपत : सेक्टर-12 के एक युवक ने जालंधर की एक महिला को प्रेमजाल में फंसाया और मंदिर में शादी कर ली। कुछ दिन चार लाख रुपये और सोने की चेन हड़पकर महिला को मायके भेज दिया। इसके बाद महिला की सहेली से शादी कर ली। पीड़ित महिला न्याय के लिए भटक रही है। उसका आरोप है कि आरोपित उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहा है।
पीड़िता ने सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को भेजी शिकायत में बताया कि सात साल पहले पति की मौत हो गई थी। उसके दो बेटे हैं। तीन साल पहले पानीपत के सेक्टर-12 क्षेत्र के युवक ने शादी का झांसा देकर प्रेम जाल में फंसाया। नौ महीने से अंसल सुशांत सिटी में लिव इन में रहा। इसी दौरान उसने उसके साथ मंदिर में शादी कर ली। दो महीने से वह उसे प्रताड़ित कर रहा था। आरोपित ने शादी से संबंधित दस्तावेज जला दिए। 31 दिसंबर को आरोपित ने चार लाख रुपये व आधा तोले की सोने की चेन ले ली और माता-पिता को बुलाकर उनके साथ जालंधर भेज दिया। इसके बाद 10 जनवरी को उसकी सहेली से शादी कर ली। वह आरोपित के पास गई तो उसने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। वह दो दिन से बस स्टैंड पर रह रही है। 100 नंबर, महिला थाना सहित कई थानों की पुलिस को सूचना दी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट में गई तो उसे सामान्य अस्पताल भेज दिया। इस बारे में सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी कमलजीत ने बताया कि महिला द्वारा शिकायत दी जाएगी तो कार्रवाई होगी।