तेजाब कांड की पीड़ित महिला को आंख से दिखाई नहीं देता, 21 दिन बाद भी आरोपित गिरफ्त से दूर
देशराज कालोनी में महिला के चेहरे पर तेजाब फेंकने वाले दो बदमाशों को पुलिस 21 दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इस मामले में एसआइटी (स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम) 832 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। महिला ने एक संदिग्ध व्यक्ति का नाम लिया था। उससे भी तीन बार पूछताछ की जा चुकी है।
जागरण संवाददाता, पानीपत : देशराज कालोनी में महिला के चेहरे पर तेजाब फेंकने वाले दो बदमाशों को पुलिस 21 दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इस मामले में एसआइटी (स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम) 832 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। महिला ने एक संदिग्ध व्यक्ति का नाम लिया था। उससे भी तीन बार पूछताछ की जा चुकी है। पुलिस ने आरोपितों का सुराग देने पर एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा कर रखी है। इसके बावजूद नतीजा शून्य है।
पीड़ित महिला का पीजीआइ रोहतक में इलाज चल रहा है। महिला के पति ने बताया कि पत्नी के चेहरे की खाल उतर गई है। बाई आंख का आपरेशन हुआ है। टांके लगे हैं। बुधवार को टांके कटेंगे। इसके बाद ही पता चल पाएगा कि आंख से दिखाई देगा या नहीं।
बता दें कि 26 अक्टूबर देर शाम देशराज कालोनी स्थित एक फैक्ट्री में काम करके महिला घर लौट रही थी। रास्ते में बाइक पर सवार दो युवक खड़े थे। इनमें से एक युवक ने महिला के चेहरे पर तेजाब फेंका और बाइक से फरार हो गए। दोनों आरोपितों की धुंधली तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई थी। किला थाने में मामला दर्ज है।