बाइक चोरी होने के बाद शुरू हुई घरेलू कलह, फंदे पर लटका मिला महिला का शव
जींद में बाइक चोरी होने के बाद घरेलू कलह शुरू हो गई। इसके बाद महिला का शव लटका मिला। स्वजनों ने हत्या करके शव को फांसी पर लटकाने का लगाया आरोप पति सहित चार पर दहेज हत्या का मामला दर्ज।
जींद, जागरण संवाददाता। जींद के गांव शाहपुर में बाइक चोरी होने के बाद शुरू हुई घरेलू कलह के चलते एक महिला का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। स्वजनों ने ससुरालजनों पर हत्या करके शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। सदर थाना पुलिस ने इस मामले में पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।
गांव खरकबूरा निवासी सतीश ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन विक्की की 22 मई 2020 को गांव शाहपुर निवासी सोनू के साथ शादी हुई थी। शादी के कुछ समय तो ठीक ठाक चलता रहा। 27 सितंबर 2020 को उसकी शादी थी। उसकी शादी में शामिल होने के लिए उसका जीजा सोनू भी शामिल होने के लिए आया हुआ था।
घर के बाहर से उसके जीजा सोनू की बाइक चोरी हो गई। उस बाइक की आसपास काफी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा। इसलिए आते समय उन्होंने अपनी बाइक सोनू को दे दिया। थोड़े दिनों के बाद सोनू उस बाइक को वापस खरकभूरा दे गया।
इसके बाद से सोनू अपनी पत्नी विक्की को इसी बात को लेकर परेशान करने लगा और उसके साथ मारपीट करता था। छह माह पहले उसकी बहन के एक लड़की हुई। लड़की होने के तीन माह तक उनके पास ही खरकभूरा में रही। बाद में उनके घर पर पंचायत आई और आगे से परेशान नहीं करने की बात कही। इसके बाद आरोपित सोनू अपनी पत्नी विक्की को लेकर गांव शाहपुर आ गया। सोमवार शाम को उनके पास फोन आया कि विक्की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जब वह मौके पर पहुंचे तो शव चारपाई पर पड़ा हुआ था। उसने आरोप लगाया कि उसकी बहन विक्की की उसके पति सोनू, ससुर सतबीर, देवर मोनू व सास ने हत्या की है और आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फांसी पर लटकाया है। सदर थाना प्रभारी मनीष ने बताया कि दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।