पानीपत नगर निगम में राकेश कादियान से प्रापर्टी आइडी बनाने का चार्ज वापस लिया
नगर निगम में प्रापर्टी आइडी प्रापर्टी टैक्स संबंधी कामों से राकेश कादियान को मुक्त कर दिया गया है। कादियान के पास नगर निगम के दूसरे प्रोजेक्ट हैं।
जागरण संवाददाता, पानीपत : नगर निगम में प्रापर्टी आइडी, प्रापर्टी टैक्स संबंधी कामों से राकेश कादियान को मुक्त कर दिया गया है। कादियान के पास नगर निगम के दूसरे प्रोजेक्ट हैं। उन्हें उन प्रोजेक्ट में सक्रिय करने के लिए ऐसा किया गया है। एडीसी एवं नगर निगम के कमिश्नर डा.मनोज कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए जागरण से कहा कि निगम में ईओ आ चुके हैं। कादियान के पास पहले से ही काफी काम था।
स्ट्रीट वेंडर को किया प्रशिक्षित
शहरी परियोजना अधिकारी राकेश कादियान ने बताया कि स्ट्रीट वेंडर को डिजिटल लेनदेन का प्रशिक्षण दिया गया है। नगर निगम कार्यालय में ये ट्रेनिग दी गई। उन्होंने बताया कि अब 25 जनवरी को सेक्टर 6, संत नगर स्थित महाराणा प्रताप क्षत्रिय महासभा में दिव्यांगों को नगर निगम की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। दिव्यांग अपना स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं।
महिलाओं के दो गुट भिड़े, फूटे सिर
पानीपत: मुखीजा कालोनी में आपसी रंजिश के चलते दो गुटों की महिलाएं आपस में भिड़ गई। मारपीट में एक महिला का सिर फूट गया तो वह इलाज के लिए सामान्य अस्पताल पहुंची। हालांकि मामले की शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है। पीड़िता ने बताया कि उसकी कपड़ों की दुकान है। पड़ोसी महिला से उसकी लगभग आठ साल से दोस्ती है। छह माह पहले महिला को उसकी दोस्त ने मालिश करने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसी मनमुटाव से दोनों की दोस्ती टूट गई। आरोप है कि आरोपित महिला पहले भी उसे कई बदमाशों से धमकियां दिलवा चुकी है। शनिवार को वह स्कूटी पर अपनी एक जानकार के पास जा रही थी कि तभी आरोपित महिला ने साथियों संग मिलकर उसका रास्ता रोक लिया। लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष की महिला का कहना है कि झगड़े में महिला खुद गिरी तो उसके सिर में चोट आई। उसने भी हमला करने का आरोप लगाया।