Move to Jagran APP

Haryana Weather Update : दो दिन में पश्चिमी विक्षोभ दिखा सकता है असर, किसान अलर्ट रहें

दो दिन में मौसम करवट बदल सकता है। किसान फसल के लिए अलर्ट रहें। 22 व 23 मार्च को गरज व चमक के साथ हो सकती है हल्की बूंदाबांदी। वहीं कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को अपनी सरसों की फसल को सुरक्षित संभालने का सुझाव दिया है।

By Anurag ShuklaEdited By: Published: Sat, 20 Mar 2021 09:31 AM (IST)Updated: Sat, 20 Mar 2021 09:31 AM (IST)
Haryana Weather Update : दो दिन में पश्चिमी विक्षोभ दिखा सकता है असर, किसान अलर्ट रहें
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश हो सकती है।

कुरुक्षेत्र, जेएनएन। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते दो दिन बाद मौसम करवट ले सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने 22 व 23 मार्च को आसमान में बादल छाने और गरज व चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही हवा की रफ्तार भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई है। इस अनुमान को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को अपनी सरसों की फसल को सुरक्षित संभालने का सुझाव दिया है। इसके साथ ही अगले तीन-चार दिनों तक गेहूं की फसल में पानी लगाने पर रोक की भी हिदायत दी गई है।

loksabha election banner

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 

जिला भर में एक लाख 18 हजार हेक्टेयर में गेहूं की फसल खड़ी है। इन दिनों किसान पछेती गेहूं में पानी लगा रहा है। इसके साथ-साथ करीब 10 हजार हेक्टेयर में खड़ी सरसों की कटाई का काम भी तेजी से चल रहा है। कई जगहों पर किसानों ने सरसों की कटाई के बाद इसे सुखाने के लिए खेत में या छतों पर डाल रखा है। मौसम के बदलते तेवरों को देखते हुए बूंदाबांदी से सरसों की फसल को नुकसान हो सकता है। तेज हवा चलने से पानी लगे गेहूं के खेत में भी नुकसान हो सकता है। ऐसे में कृषि वैज्ञानिकों ने नुकसान से बचाव के लिए सुझाव दिए हैं।

32 डिग्री तक पहुंचा तापमान

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा है। हवा की रफ्तार भी 13 किलोमीटर प्रति घंटा रही है। अगले दो दिनों तक तापमान का मिजाज कुछ गर्म रहने के बाद 22 मार्च से मौसम करवट ले सकता है। इससे अधिकतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री तक की कमी आने का अनुमान है।

सरसों की फसल की संभाल करें किसान

कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ संयोजक डा. प्रद्युम्मन भटनागर ने बताया कि 22 से 23 मार्च को गरज व चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके साथ तेज हवा चलने से सरसों की फसल को नुकसान हो सकता है। इन दिनों में सरसों की कटाई का काम तेजी से चल रहा है। ऐसे में किसान अगले दो दिनों में अपनी सरसों की फसल को समेटकर सुरक्षित कर लें। इसके साथ ही हवा की रफ्तार तेज होने के अंदेशे को देखते हुए गेहूं में पानी लगाने से भी परहेज करें।

 करनाल में सामान्य से अधिक पहुंचा तापमान, 22 को बरसात के आसार

इस समय दिन का तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिस कारण दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है। लेकिन एक ओर पश्चिमी विक्षोभ मार्च माह में सक्रिय हो चुका है, जो 22 मार्च को हरियाणा, दिल्ली व एनसीआर के क्षेत्र अपना असर दिखा सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 22 मार्च को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा के साथ बरसात व ओलावृष्टि भी हो सकती है। 23 मार्च को भी बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। लेकिन अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे जा सकते हैं। इससे स्पष्ट है कि मार्च माह में सुबह व शाम के समय ठंडक बरकरार रहेगी। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.0 डिग्री अधिक 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय नमी की मात्रा 95 फीसदी दर्ज की गई। हवा 2.6 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा। लेकिन 22 को मौसम खराब रह सकता है।

तेज बरसात हुई तो खराब हो सकती गेहूं की फसल

मौसम विभाग के मुताबिक यदि बरसात होती है तो गेहूं की फसल को व्यापक नुकसान हो सकता है। एक अप्रैल से गेहूं का सीजन शुरू हो रहा है। यानि 10 दिन के बाद कटाई का काम शुरू हो जाएगा। इस समय बरसात में गेहूं की फसल गिर सकती है, जिससे उत्पादन पर भी व्यापक असर पड़ सकता है। गेहूं की क्वालिटी पर भी असर पड़ सकता है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.