उतर प्रदेश में वीकेंड लइउकडाउन, बार्डर से लौटाए वाहन, दोपहर बाद सड़कों पर पसरा सन्नाटा
पड़ोस के राज्य उतर प्रदेश में कोरोना महामारी के चलते वीकेंड लाकडाउन लगा है। ऐसे में बार्डर के साथ लगते उत्तर प्रदेश के गांव से पानीपत व अन्य जगह काम को लेकर आने वाले श्रमिक व अन्य लोग नहीं निकल पाए। जिसका असर यहां भी साफ देखने को मिला।
संवाद सहयोगी, सनौली : पड़ोस के राज्य उतर प्रदेश में कोरोना महामारी के चलते वीकेंड लाकडाउन लगा है। ऐसे में बार्डर के साथ लगते उत्तर प्रदेश के गांव से पानीपत व अन्य जगह काम को लेकर आने वाले श्रमिक व अन्य लोग नहीं निकल पाए। जिसका असर यहां भी साफ देखने को मिला। पानीपत से हरिद्वार रोड पर अन्य दिनों के मुकाबले शनिवार को बहुत कम वाहन दिखे। साथ ही बार्डर से लगते होटल व ढाबों पर भी सन्नाटा दिखा। बेवजह निकले लोगों को उत्तर प्रदेश बार्डर से वापस लौटा दिया गया।
गौरतलब है कि शासन के आदेश पर यमुना बार्डर कैराना डीएम जसजीत कौर ने वीकेंड लॉकडाउन का दायरा बढ़ाते हुए नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत शुक्रवार रात आठ बजे से लागू हुआ लॉकडाउन मंगलवार सुबह सात बजे तक प्रभावी रहेगा। इसके चलते शनिवार को सनौली हरियाणा बार्डर से लगते यमुना पुल पार कैराना के मुख्य चौक बाजार सहित अन्य बाजारों में दुकानें बंद रही। लोग केवल आवश्यक सेवाओं के लिए ही घरों से बाहर निकले। सुबह सनौली हरियाणा बार्डर से वाहनों को लेकर यूपी जाने वालों की यमुना बार्डर पार भीड़ लग गई। ऐसे में यूपी बार्डर से पुलिस ने उन्हें वापस लौटा दिया। इसके बाद वाहन सड़क पर बहुत कम दिखे।