Panipat Weather : पानीपत में बदला मौसम, दिन में भीषण गर्मी, रात को आंधी के साथ गरजे बादल
पानीपत के लोगों को आखिरकार गर्मी से राहत मिली। दिन में भीषण तपिश और लू के बाद देर रात तेज आंधी आई। आंधी के बाद बारिश ने लोगों को गर्मी से निजात दिलाई। आंधी की वजह से कई जगह पेड़ भी टूटे।
पानीपत, जेएनएन। पश्चिम की ओर से आने वाली हवाओं ने शहर वासियों के पसीने छुड़ा दिए। वीरवार की सुबह इस साल की सबसे गर्म सुबह रही। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। वीरवार सबसे गर्म दिन ही रहा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार कर गया। हालांकि रात होते-होते मौसम बदल गया। आंधी के साथ बादल गरजे। बारिश होने लगी। बिजली ठप हो गई।
इस बार मौसम का रुख अलग किस्म का रहा। पहले तो फरवरी, मार्च और अप्रैल के महीने में सामान्य से ज्यादा गर्मी दर्ज की गई। मई महीना सामान्य से कम गर्म रहा। जून के पहले सप्ताह में भी गर्मी का मिजाज नरम रहा। अब मौसम ने असली रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह आसमान में आंंशिक बादल छाए रहे। हवा नहीं चली। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया। हवा चलने लगी। तीखी धूप से लोगों को जूझना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार इस समय राजस्थान की ओर पश्चमी हवाए आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार ज्यादा समय गर्मी नहीं झेलनी पड़ेगी। बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम हवा के दबाव क्षेत्र की वजह से हवा की दिशा की पूर्व की तरफ से होने वाली है। यह हवा अपने साथ नरमी लेकर आएगी। इसके चलते 12-13-14 हल्की व मध्यम स्तर की बरसात होने की संभावना है।
वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा
राजस्थान की हवाओँ ने प्रदूषण बढ़ा दिया। 100 अंकों से कम चल रहा एयर क्वालिटी इंडेक्स 184 तक पहुंच गया। जो खतरनाक स्थिति में हैं। पीएम 2.5 औसतन 184 दर्ज किया गया। गर्म हवा चलने के कारण घरों में उमस हो रही है। कई घंटे के बिजली कट लगने से और अधिक परेशानी रही।
आंधी और बारिश की वजह से मुख्य असंध रोड पर गांव भालसी के पास सड़क पर एक पेड़ गिर गया था। इससे यातायात बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया। वहीं, इसराना में भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई। साथ ही एक घर में आसमानी बिजली गिरी। इससे काफी ज्यादा नुकसान हुआ। वहीं, शिव नगर में पूरी रात बिजली बाधित रही।