कुरुक्षेत्र में बूंदाबांदी से मौसम हुआ सुहावना, भीषण गर्मी से मिली राहत
कुरुक्षेत्र में सोमवार दोपहर को अचानक बादल छा गए। बूंदाबांदी की वजह से भीषण गर्मी से राहत मिली। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी से लोग परेशान थे। वहीं मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में पश्चिमी-विक्षोम दस्तक दे सकता है।
कुरुक्षेत्र, जेएनएन। कई दिन से भीषण गर्मी से परेशान लोगों को सोमवार को थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग की ओर से पूर्वानुमान लगाया गया था कि तेज तूफान व बारिश आएगी, वैसा कुछ नहीं हुआ, मगर हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया। बुधवार शाम करीब 4 बजे मौसम का मिजाज बदला। सुबह नौ बजे आसमान काले बादलों से घिर गया, इसके बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। बूंदाबांदी कुछ देर ही हुई। इसके बाद आसमान में बादल छाए रहे। हल्की बूंदाबांदी से तापमान में भी कुछ गिरावट आई। सोमवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा।
सोमवार सुबह ही मौसम में ठंडक रही। नौ बजे आसमान में बादल छा गए और थोड़ी देर बाद हल्की बूंदाबांदी आरंभ हो गई। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में पश्चिमी-विक्षोम दस्तक दे सकता है। जिससे धूलभरी हवाएं चलने के साथ गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे दिन के तापमान में गिरावट और रात्रि के तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी हो सकती है। पिछले दिनों तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। हल्की बारिश से तापमान में कुछ गिरावट अवश्य आएगी। मौसम विभाग ने किसानों को सूखे भूखे व तूड़ी को सुरक्षित स्थानों पर रखने के बारे में कहा है। बारिश फसलों के लिए भी अच्छी होगी।
बेल वाली सब्जी में बढ़ेगी ग्रोथ
कृषि वैज्ञानिक डा. सीबी सिंह के अनुसार बारिश से बेल वाली सब्जी में ग्रोथ बढ़ेगी। वहीं बेलों पर लगे कीट भी मरेंगे। जिससे पैदावार बढ़ेगी। पिछले कई दिनों से तेज धूप से सब्जी की बेल व टमाटर झुलस रहे थे, तापमान में कमी आने से उसमें ग्राेथ होगी।
वीरवार को हो सकती है अच्छी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। बुधवार को फिर से आमसान में बादल छाए रहेंगे, वहीं वीरवार को बारिश की संभावना है। जिससे अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। रविवार से फिर से तापमान में बढ़ोत्तरी होगी।