Panipat Weather Update: पानीपत में चल रही तेज हवा, तापमान में कमी से दाना बढ़ेगा, बारिश से होगा नुकसान
तेज हवा के साथ पानीपत के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। अधिकतम तापमान में आई 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट। कम हुआ तापमान किसान की गेहूं की फसल में दाना बनने की प्रक्रिया में होगा फायदेमंद।
पानीपत, जेएनएन। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव हुआ है। तेज हवा के बीच आसमान में बादल छाए हैं। रूक रूककर बारिश की हलकी बूंदे आ रही है। इससे किसान की चिंता बढ़ी है। तेज हवा के कारण किसान की सिंचाई हो चुकी गेहूं की फसल गिरने से पैदावार में नुकसान की होगा। हालांकि अधिकतम तापमान में कमी आने से दाना बनने की प्रक्रिया में फायदा भी होगा। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में भी उतार चढ़ाव आया है।
विंड पैर्टन बदलने के कारण सोमवार सुबह से ही मौसम में बदलाव आया है। ऐसे में आसमान में सूर्य देव और बादलों के बीच आंख मिचौली चल रही है। पूर्वी हवा तेजी के साथ चल रही है। हवा के चलते न केवल बारिश के आसार बन रहे हैं, बल्कि अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। मंगलवार को दोपहर 11 बजे अधिकतम तापमान जहां 28 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहा।
19 किलोमीटर की गति से चल रही हवा
सोमवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। जबकि हवा की गति 19 किलोमीटर प्रति घंटा रही। नमी 57 फीसद और बारिश की संभावना 60 फीसद है। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी इलाकों में होगा। इससे हरियाणा का उतरी हिस्सा भी प्रभावित होगा। इससे आसमान में बादल छाने के साथ बारिश होने की संभावना भी बनेगी।
तापमान घटने से गेहूं को फायदा
तेज हवा चलने के कारण सिंचाई वाले खेत में गेहूं की फसल गिरने से भले पैदावार में नुकसान हो। लेकिन दूसरी ओर तापमान में गिरावट फायदेमंद साबित होगी। कृषि विज्ञान केंद्र ऊझा के प्रभारी डा. राजबीर गर्ग ने बताया कि हाल में गेहूं की फसल में दाना बनने की प्रक्रिया चल रही है। जिस हिसाब से तापमान में बढ़ोतरी हुई थी, उस हिसाब से दाना ठीक से नहीं बन पाता। तापमान सामान्य रहने से वो ठीक से बन पाएगा।