यमुनानगर के गांव सबसे स्वच्छ, जांचने आएगी मंत्रालय की टीम
यमुनानगर के 50 गांवों केा स्वच्छता की सूची में शामिल किया गया है। अब इसे जांचने के लिए मंत्रालय की टीम आएगी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ओडीएफ प्लस के लिए हरियाणा के यमुनानगर के गांवों को शामिल किया गया है।
यमुनानगर, जेएनएन। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ओडीएफ प्लस के लिए देश के दो प्रदेशों हरियाणा व आंध्र प्रदेश को चुना गया है। इनमें भी स्वच्छता में यमुनानगर के 50 गांवों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही हरियाणा के लिए करनाल व पंचकूला के भी कुछ गांवों को चुना गया है, लेकिन यमुनानगर के सबसे अधिक गांव है। अब इन गांवों में ओडीएफ प्लस की स्थिति जांचने के लिए मंत्रालय की टीम आएगी।
जिले को वर्ष 2016 में ओडीएफ घोषित कर दिया गया था। इसके बाद स्वच्छ भारत मिशन की स्थानीय टीम की ओर से ओडीएफ प्लस को लेकर अभियान चलाया गया। इसके तहत गांवों में ओडीएफ को बरकरार रखने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही यहां पर ठोस व तरल कचरा प्रबंधन कराया गया। ताकि गांव में कही भी कचरा न हो और सभी गलियों व नालियों में साफ सफाई हो। इसके साथ ही गांवों में दीवारों पर जागरूकता के लिए नारा लेखन कराए गए। ओडीएफ प्लस के तहत स्वच्छ भारत मिशन की साइट पर एमआइस पोर्टल पर इन गांवों के फोटो व डाटा अपलोड किया गया था। जिसके आधार पर ही यह चयन हुआ।
यह जांचेगी टीम
खुले में शौच मुक्त बरकारर रखने की स्थिति।
गांव में ठोस व तरल कचरा प्रबंधन।
आम साफ सफाई की स्थिति।
सामुहिक शौचालयों की स्थिति।
पॉलिथीन प्लास्टिक उन्नमूलन कार्यक्रम।
दीवारों पर खुले में शौच मुक्ति के नारे लेखन।
निगरानी कमेटी के कार्य।
सार्वजनिक स्थानों पर साफ सफाई।
पानी की निकासी का प्रबंधन, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों पर सफाई व्यवस्था।
स्वच्छ भारत मिशन के समन्वयक बलविंद्र कटारिया ने बताया कि यह जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। पूरे देश में सबसे अधिक यमुनानगर के गांवों का चयन हुआ है। अब मंत्रालय से तीन अधिकारियों की टीम आकर ओडीएफ प्लस की सच्चाई को जांचेंगी। जिन गांवों का चयन हुआ है। उनमें पूरी साफ सफाई है। इसलिए टीम कभी भी यहां आकर जांच कर सकती है।