नीरज की हत्या के बाद विजय ने मनाया था जश्न
दोनों ही पचरंगा बाजार में एक हैंडलूम पर काम करते थे। नीरज ने विश्वासघात कर उसकी बहन कोमल से प्रेम विवाह कर लिया था। कहता था उसका जीजा लगता है। दोनों ने शहर नहीं छोड़ा। समाज व दोस्तों में बदनामी हो गई थी।
जागरण संवाददाता, पानीपत : न्यू रमेश नगर के नीरज उर्फ सोना वर्मा की हत्या के आरोपित उसके साले विजय नगर के विजय उर्फ छोटा और ममेरे भाई पवन को रविवार दोपहर बाद सीआइए-टू ने सेक्टर-24 एमजेआर स्कूल के पास से गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित विजय ने बताया कि वह और नीरज पड़ोसी थे। दोनों ही पचरंगा बाजार में एक हैंडलूम पर काम करते थे। नीरज ने विश्वासघात कर उसकी बहन कोमल से प्रेम विवाह कर लिया था। कहता था उसका जीजा लगता है। दोनों ने शहर नहीं छोड़ा। समाज व दोस्तों में बदनामी हो गई थी।
डेढ़ महीने पहले उसने हैंडलूम पर काम करना बंद कर दिया था। वह बदला लेना चाहता था। शुक्रवार रात को उसने ममेरे भाई पवन के साथ मिलकर शराब पी और वहीं पर हत्या की साजिश रची। वह घर से दो चाकू लेकर आया। उसे पता था कि नीरज किस समय घर लौटता है। भावना चौक के पास नीरज ने गाली दी और कहा, जीजा का स्वागत नहीं करोगे। इससे आपा खोकर उसने व पवन ने ताबड़तोड़ वार कर दिए। नीरज की हत्या के बाद राजाखेड़ी गांव की तरफ खेत में जाकर फिर से शराब पीकर इसका जश्न मनाया। बहन कोमल को भी ठिकाने लगाना था, पर इससे पहले ही पकड़े गए। उसे हत्या का कोई मलाल नहीं है। इस हत्याकांड में और किसी की साजिश नहीं है।
सीसीटीवी से हुई आरोपितों की पहचान
डीएसपी सिटी वीरेंद्र सैनी ने रविवार को थाना शहर में प्रेसवार्ता कर बताया कि नीरज ने कोमल से अंतरजातीय विवाह कर लिया था। वह साले विजय को बार-बार कहता रहा कि कोमल उसके साथ नहीं है। वह तो हिसार घूमने गई है। विजय को दोनों की कोर्ट मैरिज का पता चला चुका था। तभी से नीरज की हत्या की फिराक में था। उसने ममेरे भाई पवन के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई। इससे ही दोनों आरोपितों की शिनाख्त हुई थी। एसपी शशांक कुमार सावन के आदेश पर सीआइए-थ्री और थाना शहर की टीमें दोनों आरोपितों की तलाश में थी।
हत्या में और तो शामिल नहीं हैं
डीएसपी सैनी ने बताया कि आरोपित विजय और पवन को सोमवार को अदालत में पेश कर अदालत में पेश किया, जहां से उनको रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दो चाकू बरामद किए जाएंगे। इसके अलावा पूछताछ की जाएगी कि हत्याकांड में और किसी की साजिश तो नहीं है। नीरज के स्वजनों ने हत्या आरोपितों से जान के खतरे की शिकायत नहीं दी है। अगर ऐसा है तो उनकी सुरक्षा की जाएगी।
ये है मामला
विजय नगर के नीरज का पड़ोस की ही कोमल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। तीन साल पहले भी वह कोमल को भगा ले गया था। बीते वर्ष 24 नवंबर को दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसके बाद दोनों परिवार सहित न्यू रमेश नगर में रहने लगे थे। रिश्ते से कोमल के स्वजन खुश नहीं थे, इसलिए नीरज की हत्या कर दी गई। नीरज के शरीर पर चाकू के वार के 16 निशान मिले थे। थाना शहर में मामला दर्ज है।