Move to Jagran APP

हरियाणा के विभास ने अपने गीत से किया कमाल, 'तावीज अनप्लग्ड' के लाखों हुए कद्रदान

हरियाणा के करनाल का युवक विभास अपने एक गीत से सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। उसके गीत तावीज अनप्लग्ड के लाखों लोग कद्रदान हो गए हैं।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Mon, 07 Sep 2020 10:46 AM (IST)Updated: Mon, 07 Sep 2020 10:46 AM (IST)
हरियाणा के विभास ने अपने गीत से किया कमाल, 'तावीज अनप्लग्ड' के लाखों हुए कद्रदान
हरियाणा के विभास ने अपने गीत से किया कमाल, 'तावीज अनप्लग्ड' के लाखों हुए कद्रदान

करनाल, [पवन शर्मा]। तावीज अनप्लग्ड। यह नाम है करनाल के उस नौजवान के हालिया रिलीज नए गीत का, जिसे रिलीज होने के महज एक सप्ताह की अवधि में ही यू ट्यूब पर सवा पांच लाख से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं। एलबम देखने वालों का आंकड़ा इससे कई गुना अधिक है। वरिष्ठ संगीतकार कृष्ण अरोड़ा के होनहार पुत्र विभास ने छोटी उम्र में ही बॉलीवुड का रुख किया, जहां उनकी अलग पहचान है। दो फिल्मों सहित कई म्यूजिक एलबम उनके खाते में हैं।

prime article banner

करनाल के युवा संगीतकार व गायक ने बनाई अलग पहचान 

स्टेज शो के साथ विभास कॉरपोरेट घरानों के लिए भी काम कर रहे हैं। संगीत की गहरी समझ रखने वाले विभास का अपना बैंड है। बतौर संगीतकार व गायक वह लगातार बुलंदियां छू रहे हैं। होनहार बिरवान वाली कहावत की कसौटी पर विभास ने खुद को बखूबी साबित कर दिखाया है। इन दिनों अपने घर आए विभास बताते हैं कि आज बेशक संगीत की दुनिया में असीम संभावनाएं हैं लेकिन यहां पहचान उसी की बनती है, जो लीक से अलग हटकर अपनी नई राह तय करता है। उन्होंने ऐसा ही किया और आज संतोष होता है कि वह अपने बड़ों के सपनों को सच करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। इसे लेकर बेहद खुश उनके पिता कृष्ण अरोड़ा कहते हैं कि बेटे की कामयाबी पर उन्हें नाज है।

हाल में रिलीज म्यूजिक एलबम को मिल चुके लाखों लाइक

हाल में विभास के मधुर स्वर से सजा एलबम तावीज अनप्लग्ड रिलीज हुआ, जिसे बेहद पसंद किया जा रहा है। जुबैर अहमद रहमानी के एलबम का निर्माण स्वीटी कपूर ने किया। गीत शब्बीर अहमद का है और राज आशु कंपोजर हैं। एमआर फैसु, जन्नत जुबैर व अयान जुबैर की अदाकारी है। अलग ही रुमानियत का एहसास कराते अलबम को प्रशंसकों ने हाथोंहाथ लिया, जिसके चलते रिलीज के महज एक सप्ताह में इसे करीब सवा पांच लाख लोग लाइक कर चुके हैं। व्यूज की संख्या 85 लाख से ऊपर पहुंच चुकी है। शेयर करने वाले भी खासी तादाद में हैं। इससे विभास का हौसला चरम पर है और अब वह अपने नए प्रोजेक्ट पर दोगुनी रफ्तार से काम कर रहे हैं।  

दो फिल्में, कई एलबम

विभास ने दो फिल्में फाइव वैडिंग और द स्ट्रलिंग मैन की हैं। उनके प्रमुख म्यूजिक एलबम में जट्टी, हाय गर्ल, रोल के ना जा, तावीज, मेहंदी, मौसम, फिर हंसेंगे प्रमुख हैं। लॉकडाउन में भी विभास शांत नहीं बैठे और अमर गायक मोहम्मद रफी को समर्पित एलबम पैगाम तैयार किया। करनाल में भी वह अपने नए प्रोजेक्ट पर लगातार काम कर रहे हैं।

जीता राष्‍ट्रीय अवार्ड, बनाई पहचान

2006 में विभास ने दिल्ली में संगम कला ग्रुप की संगीत प्रतियोगिता में राष्‍ट्रीय अवार्ड जीता था। उल्लेखनीय है कि सोनू निगम, श्रेया घोषाल, नेहा कक्कड़ जैसे संगीत के सितारे यहीं से निकले, जिनकी आज अपनी खास पहचान है।

पिता से ली संगीत की शिक्षा

पिता कृष्ण अरोड़ा से शास्त्रीय संगीत की तालीम लेने वाले विभास ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से म्यूजिक वोकल में एमए किया। चार वर्ष से मुंबई में रह रहे विभास ने सोनू निगम, श्रेया घोषाल, मिस पूजा, उदित नारायण और शान सरीखे गायकों के साथ बतौर संगीतकार काम किया है। कई बड़े कॉरपोरेट घरानों के लिए प्रोजेक्ट करने के अलावा वह स्टेज शो भी करते हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.