कोरोना वैक्सीन के लिए दो निजी अस्पतालों सहित पांच जगहों वैक्सीनेशन, 100-100 कर्मियों को लग रहा टीका
यमुनानगर में कोरोना वैक्सीनेशन अभियान तेजी से शुरू हो गई है। अब दो प्राइवेट अस्पताल सहित पांच जगहों पर सेंटर बनाया गया है। जहां सौ-सौ कर्मियों को टीका लगाया जा रहा है। इस दौरान उन लोगों के स्वास्थ्य पर लगातार विभाग नजर रख रहा है।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। कोरोना से बचाव के लिए सोमवार को फिर से टीकाकरण शुरू हो रहा है। जिले में पांच जगहों पर टीकाकरण हो रहा है। इस बार दो निजी अस्पतालों को भी शामिल किया गया है। इनमें गाबा अस्पताल व जिंदल अस्पताल में भी वैक्सीनेशन सेंटर बनाया गया है। वहीं प्रतापनगर, सिविल अस्पताल जगाधरी व यमुनानगर में भी सेंटर बनाए गए हैं। यहां पर 100-100 कर्मियों को टीका लगाया जाएगा।
इससे पहले शनिवार को पूरे देश में टीकाकरण अभियान का शुभारंभ हुआ। यमुनानगर में छह जगहों पर टीकाकरण हुआ। जिसमें 445 कर्मियों को बचाव का टीका लगाया गया। इस दौरान सभी कर्मी ठीक रहे, किसी को भी कोई दिक्कत नहीं आई। यमुनानगर में सबसे पहला टीका सफाईकर्मी कुसुम को लगा था।
सिविल अस्पताल में बना वैक्सीनेशन स्टोर
सिविल अस्पताल यमुनानगर में वैक्सीनेशन स्टोर बनाया गया है। यहां पर डीप फ्रीजर में वैक्सीनेशन स्टोर की गई है। जिले में कोविशील्ड व को-वैक्सीन नाम से दो टीके आए हैं। दोनों ही टीके भारतीय कंपनियों ने तैयार किए गए हैं। यहां पर दस हजार 525 डोज आई हैं। जिले में सात हजार कर्मियों का टीकाकरण होना है। यहां पर 25 फीसद अधिक के हिसाब से वैक्सीन भेजी गई हैं।
28 दिन बाद लगेगा दूसरा टीका
जिन कर्मियों को टीका लग चुका है। उन्हें अब 28 दिन के बाद दूसरा टीका लगेगा। इस बीच में इन कर्मियों को कोरोना से बचाव के सभी नियमों का पालन करना होगा। मुंह पर मास्क लगाकर रखना होगा और शारीरिक दूरी का पालन भी करना होगा। दो डोज पूरी होने के 14 दिन बाद ही शरीर में एंटीबॉडी बनेगी।
सिविल सर्जन डा. विजय दहिया ने बताया कि शनिवार को टीकाकरण पूरी तरह से सफल रहा था। पहले यह टीकाकरण सरकारी केंद्रों में हुआ था। इस बार दो निजी अस्पतालों को भी शामिल किया गया है। सात हजार कर्मियों का टीकाकरण होना है। इनमें निजी अस्पताल के भी कर्मचारी शामिल हैं।