अज्ञात की 26 फरवरी को कोरोना से हुई थी मौत, स्वास्थ्य विभाग ने अब दिखाया
सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने बताया कि सेक्टर-11 की एल मार्केट में 26 फरवरी को करीब 50 वर्षीय व्यक्ति मृत पड़ा मिला था।
जागरण संवाददाता, पानीपत : सेक्टर-12 की एल मार्केट में 26 फरवरी को 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति मृत पड़ा मिला था। अगले दिन उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को उसकी मृत्यु सार्वजनिक की है। इसी के साथ 10 मरीज पॉजिटिव मिले, इनमें आठ की आयु 45 साल से भी कम है।
सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने बताया कि सेक्टर-11 की एल मार्केट में 26 फरवरी को करीब 50 वर्षीय व्यक्ति मृत पड़ा मिला था। मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल ऋषि प्रकाश ने जनसेवा दल की मदद से शव सिविल अस्पताल पहुंचाया था। मृत्यु का कारण पुरानी बीमारी मानकर, स्वाब सैंपल लिए गए थे। शव को लीक प्रूफ बैग में सील कर मोर्चरी में रखा गया था। 27 फरवरी को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। सोमवार को कोविड गाइडलाइन अनुसार नगर निगम के जरिए अंतिम संस्कार किया गया था। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। बुधवार को मिले संक्रमितों में माडल टाउन में एक परिवार के दो सदस्यों सहित पांच संक्रमित हैं। बाकी पांच केस हथवाला, इसराना, पुरानी सब्जी मंडी, अंबर कालोनी और गांव जौरासी खास में मिले हैं।
सिविल सर्जन के मुताबिक बुधवार को 548 सैंपल लिए गए हैं। पानीपत में कुल पॉजिटिव 10 हजार 936 केसों में से 93 एक्टिव हैं। 10 हजार 681 रिकवर हो चुके हैं। पांच मरीज अपने पते से लापता हैं। अभी तक 157 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
पानीपत का कोरोना मीटर
कुल संक्रमित 10936
बुधवार को संक्रमित 10
अब तक स्वस्थ 10681
एक्टिव केस 93
कुल मौत 157
बुधवार को मौत 00
लापता 05