जमीन के विवाद में भतीजे की ले ली जान, चाचा ने गड़ासे से काट दी गर्दन Panipat News
जमीन के विवाद के चलते पानीपत में चाचा ने भतीजे की गड़ासे से काटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देते ही आरोपित सुखबीर फरार हो गया।
पानीपत, जेएनएन। बिंझौल में चाचा ने गली में गड़ासे से भतीजे की गर्दन काट कर हत्या कर दी। वारदात के पीछे जमीन का विवाद बताया जा रहा है। आरोपित ने खुद पुलिस को फोन पर सूचना दी और फरार हो गया। गांव में हत्या के कारणों को लेकर और भी कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस ने शव को अस्पताल में रखवा दिया है।
बिंझौल गांव का संजय (30) पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और पानीपत में टैक्सी चलाता था। शुक्रवार की शाम ड्यूटी से घर लौट रहा था। गली में चाचा सुखबीर ने उस पर गड़ासे से हमला कर दिया। परिजनों ने बताया कि संजय के पिता महेंद्र और चाचा सुखबीर का जमीन का विवाद चल रहा था। लगभग एक महीने पहले सुखबीर घर से चला गया था। वापस लौटते ही उसने वारदात को अंजाम दे दिया। जब तक लोग वहां पहुंचते संजय की मौत हो चुकी थी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। वहीं हत्या की वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया था।
परिजनों की शिकायत पर सुखबीर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त गड़ासा बरामद कर लिया है। आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इंस्पेक्टर सुनील कुमार, मॉडल टाउन थाना प्रभारी।