करनाल में कोरोना से एक दिन में दो लोगों की मौत, 173 लोग हो चुके ठीक, 91 एक्टिव केस
कोरोना से करनाल में छठी मौत हुई है। यहां कुल एक्टिव केस 91 हैं। करनाल में शुक्रवार को सामने आए सात नए केस कुल संख्या हुई 269।
करनाल, जेएनएन। करनाल जिले में कोरोना के संक्रमण के शिकार होकर एक और मौत होने के साथ ही मृतकों के आंकड़े में इजाफा हो गया है। शुक्रवार को ही कोरोना से दो लोगों की माैत हो गई। अब तक जिले में छह लोगों की मौत हो चुकी है।
शुक्रवार सुबह को कोरोना से पांचवीं मौत हो गई। इस बीमारी से पीडि़त नीलोखेड़ी निवासी महिला की मृत्यु हुई है। नीलोखेड़ी की किसान बस्ती क्षेत्र की रहने वाली 57 वर्षीय महिला कई दिन से इस महामारी से पीडि़त थी। उसे नीलोखेडी के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। वीरवार को उसकी तबीयत खराब होने के कारण उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया।
महिला का कल्पना चावला हस्पताल में कोरोना का टेस्ट किया गया जहां उसकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई और शुक्रवार को उसकी मृत्यु हो गई।। एसएमओ डा. वंदना ने बताया कि महिला को शुगर भी थी और उसकी मृत्यु कारोना से हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम व पुलिस विभाग की टीम ने महिला के निवास स्थान पर पहुंच कर घर को सील कर दिया है।
वहीं शहर के सेक्टर 13 निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति ने शुक्रवार की रात दम तोड़ दिया। सुबह तबीयत खराब होने पर कल्पना चावला अस्पताल में कराया गया था। रात को हालत बिगड़ने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। चिकित्सकों के अनुसार उक्त व्यक्ति कोरोना के अलावा अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे। शहर में 2 दिन के अंदर कोरोना से लगातार तीसरी मौत होने से चिंता बढ़ने लगी है। इनमें भी दो मौत सेक्टर 13 के निवासियों की हुई है। इसे लेकर लोगों में दहशत बढ़ती चली जा रही है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से हिदायतों का पालन करने की अपील की है।
अब तक करनाल में 269 कोरोना के सामने आ चुके हैं। 91 केस एक्टिव है और 173 मरीज ठीक होकर अपने घर चले गए हैं। जिले में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से संदिग्ध कुल 16853 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए, जबकि इनमें से 16293 की रिपोर्ट नेगिटिव आई है। उपायुक्त ने बताया कि जिले में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 7 केस पॉजीटिव आए हैं। इनमें 2 केस जाणी रोड जुंडला, 3 केस सेक्टर 3 से, 1 केस गांव औंगद और 1 केस किसान बस्ती नीलोखेड़ी से संबंधित है। जिसकी आज मृत्यु हो गई है।
विदेश से आए यात्रियों की संख्या 1173
सिविल सर्जन डॉ. अश्विनी आहुजा ने बताया कि जिला में अब तक विदेश से आए यात्रियों की संख्या 1173 है, जिनमें से 1081 व्यक्ति 28 दिन या इससे अधिक दिनों का सर्विलांस समय पूरा कर चुके हैं। जबकि 0 से 14 दिन वाले कांटेक्ट्स व यात्रियों की संख्या 2204 है और 15 से 28 दिन वाले यात्रियों की संख्या 631 है। 907 व्यक्ति 28 दिनों का सर्विलांस पूरा कर चुके हैं।
सक्रिय हो गए स्वास्थ्य विभाग की टीम
गांव ओंगद में शुक्रवार को कोरोना का पहला पॉजीटिव केस मिलने से ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही हरकत में आई स्वास्थ्य विभाग की टीम एसएमओ डा. विकास गर्ग के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। उन्होंने कोरोना पॉजीटिव मिले करीब 22 वर्षीय युवक ट्रैवल हिस्ट्री के बारे में पूछताछ की। वही घर आने के बाद वह और किस-किस से मिला। इसके बारे में भी पूरी जानकारी अर्जित की। जिसमें उसने बताया कि उसे कैथल रोड स्थित कुचपुरा गांव से उसका पड़ोसी भाई घर तक बाइक पर लाया था। युवक ने बताया कि अपने घर आते ही वह अलग कमरे में चला गया और किसी परिजन से नहीं मिला। परिजनों से बात की लेकिन दूर से ही बात की। खाना भी अकेले ही कमरे में खाया। ना किसी को टच किया और ना ही खुद को करने दिया। हालांकि उस समय तक उसे यह भी पता नहीं था कि वह कोरोना पॉजीटिव है। विश्वजीत नेवी में जॉब करता है।द्ध जो वीरवार शाम करनाल पहुंचा था। घर आने से पहले ही उसने राजकीय कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज करनाल में कोरोना के लिए सैंपल दिया था। उसके बाद वह अपने घर गया था। युवक की पॉजीटिव रिपोर्ट के बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार रामकुमार व पुलिस मौके पर पहुंची। पॉजिटिव केस को करनाल भेजकर परिवार के चार अन्य सदस्यों को घर पर क्वारंटाइन कर दिया गया। युवक को कुचपुरा से बाइक पर घर लाने वाले युवक को परिवार के 11 अन्य सदस्यों सहित घर पर ही क्वारंटाइन कर किसी से नहीं मिलने की हिदायत दी गई।