दो बदमाशों ने बातों में उलझाकर कार से दो मोबाइल फोन चुराए
अनाज मंडी के कट के पास एक लड़का आया ड्राइवर साइड से कार का शीशा थपथपाया। शीशा खोलने पर लड़के ने बातों में उलझा लिया।
जासं, पानीपत : जाटल रोड शक्ति नगर के हरभजन सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि बुधवार को शाम 6:40 बजे वह सेक्टर-25 से कार से घर जा रहा था। तभी अनाज मंडी के कट के पास एक लड़का आया ड्राइवर साइड से कार का शीशा थपथपाया। शीशा खोलने पर लड़के ने बातों में उलझा लिया। तभी उसके दूसरे साथी ने दूसरी तरफ का भी शीशा खटखटाया। शीशा नीचे कर लिया। दूसरी तरफ वाला लड़का उसके दोनों मोबाइल फोन चुराकर भाग गया। उसका एक फोन एप्पल और दूसरा वीवो का था। थाना चांदनी बाग पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
भतीजा लड़की को भगा ले गया, तलाश में गया ताऊ भी लापता
जासं, पानीपत : सौंधापुर की दर्शन ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका मकान चौधरी अस्पताल के पास बंसी कालोनी में था। तीन महीने पहले मकान बेच दिया था, लेकिन खाली नहीं किया था। उसके देवर का बेटा गुरुचरण करनाल के तरावड़ी की नारायण कालोनी से एक लड़की को भगाकर ले गया। इसी वजह से करनाल पुलिस बार-बार उसके घर पर रेड कर रही है। 7 फरवरी को पति साहब सिंह तरावड़ी थाने में मिलकर आए थे। 10 फरवरी को पति गुरचरण की तलाश में गया था। अभी तक वापस नहीं लौटा। आठ मरला चौकी पुलिस ने मामला दर्ज करके साहब सिंह की तलाश शुरू कर दी है।
छात्र का अपहरण
जासं, पानीपत : मॉडल टाउन में किराये पर रहने वाले देवराज ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका एक बेटा व बेटी है। 15 वर्षीय बेटा रितेश एमकेके स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र है। बुधवार को बेटा घर से रिजल्ट पता करने स्कूल गया था। बेटा स्कूल नहीं गया और किसी दोस्त से 10वीं कक्षा की किताब लेने के लिए निकल गया। इसके बाद घर नहीं लौटा। उसे शक है कि बेटे का किसी ने अपहरण कर लिया है। मॉडल टाउन चौकी पुलिस ने मामला दर्ज करके छात्र की तलाश शुरू कर दी है।