कोरोना से चौथे दिन भी दो मौत, चेहरा दिखाने की विनती करते रहे स्वजन
जागरण संवाददाता पानीपत जिले में रविवार को कोरोना संक्रमण से दो और मौत हो गई हैं। दोन
जागरण संवाददाता, पानीपत : जिले में रविवार को कोरोना संक्रमण से दो और मौत हो गई हैं। दोनों शुगर के मरीज थे। लगातार चौथा दिन रहा, जब मरने वालों की संख्या दो रही। एक मृतक के स्वजनों ने अंतिम दर्शन के लिए विनती की और विरोध भी किया। पर उनकी नहीं सुनी गई। इनके अलावा 69 नए मरीज पॉजिटिव मिले हैं। इनमें पानीपत ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा की पत्नी, भाई शामिल हैं। बाकी परिवार के 20 सदस्यों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। मॉडल टाउन गुरुद्वारा के मुख्य ग्रंथी, रानी महल वासी दो माह का बच्चा और उसकी मां भी संक्रमित मिली है। वहीं एक दिन पहले निर्यातक की मौत हुई थी। उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। शांति विहार निवासी 47 वर्षीय कपड़ा व्यापारी शुगर के मरीज थे। बुखार होने पर शुक्रवार को बिशन स्वरूप कॉलोनी स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनकी हार्ट बीट बहुत कम हो गई। चिकित्सकों ने कोरोना टेस्ट कराया। शनिवार की सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। शव को लीक प्रूफ बैग में पैक कर रखा गया था। रविवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार नगर निगम के कर्मचारियों ने जन सेवा दल की मदद से अंतिम संस्कार किया गया। चिता को अग्नि देने वाले छोटे भाई ने अंतिम बार मृतक का चेहरा दिखाने को कहा तो निगम के कर्मचारियों ने इन्कार कर दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों में बहस भी हुई। मृतक के भाई ने कहा कि शव बैग पारदर्शी होना चाहिए, ताकि अंतिम दर्शन कर सकें। वह पूरे मामले की शिकायत जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से करेगा। दूसरी मौत सेक्टर-11 वासी 58 साल के पुरुष की हुई है। स्वजनों के मुताबिक शुगर की दवा का सेवन करते थे। बुखार आने पर शुक्रवार को मॉडल टाउन स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। एक्स-रे कराया तो फेफड़ों में संक्रमण मिला। वहीं स्वाब सैंपल लिए गए थे। शनिवार की रात्रि करीब 11:30 बजे मौत हो गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यहां मिले एक परिवार के कई पॉजिटिव :
स्वास्थ्य विभाग से मिली रिपोर्ट के मुताबिक कृष्णा नगर में महिला और 23 साल की युवती, सेक्टर-24 में दो महिलाएं व एक युवक, प्रीत विहार में दंपती, ददलाना में दो भाई पॉजिटिव हैं। सेक्टर-11 में पिता-पुत्र और सेक्टर-25 पार्ट टू में भी दंपती की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। यहां भी मिले पॉजिटिव :
सुखदेव नगर, अदियाना, शिमला गुजरान, मॉडल टाउन, सेक्टर 13, अंसल, तहसील कैंप, आठ मरला, नंद विहार, पूठर, नूरवाला, गवालड़ा, गांधी कॉलोनी, सिद्धार्थ नगर, न्यू भारत नगर, कृष्ण नगर, डावर कॉलोनी, हरि नगर, राम नगर, उझा, बिशन स्वरूप कॉलोनी, देशराज कॉलोनी, धूप सिंह नगर, भावना चौक, दलबीर नगर,गंगाराम कॉलोनी, समालखा, सुभाष नगर, विकास नगर, उग्रा खेड़ी, राजीव कॉलोनी और गंगाराम कॉलोनी। 1011 हुए स्वस्थ :
सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने बताया कि स्वस्थ होने पर रविवार को 32 लोग डिस्चार्ज किए गए हैं। जिला में कोविड-19 के कुल 21 हजार 883 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 19 हजार 706 की रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई है। कुल 1698 केसों में से 660 केस एक्टिव हैं। 1011 स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक 27 मौतें हो चुकी हैं। वर्जन :
कोविड-19 से होने वाली मौत मामले में अंतिम संस्कार में शामिल रहे स्वजन को मृतक का चेहरा दिखाया जाता है। इसका प्रावधान भी है। शांतिनगर वासी मृतक के मामले में क्या हुआ, नगर निगम की टीम और जनसेवा दल के सदस्यों से जानकारी जुटाएंगे।
डा. संतलाल वर्मा, सिविल सर्जन