परीक्षा में पास कराने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में दो गिरफ्तार
अप्रैल माह में उसकी दुकान पर सुरेंद्र व नरेंद्र आए। उन्होंने कहा कि वह पेपर पास करवा देंगे। छह दिन बाद दोनों उसे सुखदेव ढाबे पर लेकर पहुंचे। उन्होंने अपने हेड गुरसेवक से मिलवाया।
संवाद सहयोगी, इसराना : थाना इसराना पुलिस ने पेपर करवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान नरेंद्र उर्फ काला और सुरेंद्र बांध के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से इन्हें रिमांड पर भेज दिया गया। बलाना के अशोक कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी इसराना में जनता क्लाथ हाउस के नाम से कपड़े की दुकान है। उसने नायब तहसीलदार पद के लिए आवेदन किया हुआ था। वह दुकान पर ही पेपर की तैयारी करता था। अप्रैल माह में उसकी दुकान पर सुरेंद्र व नरेंद्र आए। उन्होंने कहा कि वह पेपर पास करवा देंगे। छह दिन बाद दोनों उसे सुखदेव ढाबे पर लेकर पहुंचे। उन्होंने अपने हेड गुरसेवक से मिलवाया। उससे कहा कि पेपर से पहले ही आंसर की दे देंगे। इसके बदले में 60 लाख देने होंगे। शुरुआत में 20 लाख रुपये देने को कहा। उसने पांच लाख रुपये देने की बात कही। उन्होंने कहा कि पेपर न आता हो तो खाली छोड़ देना। पास करवा देंगे। उनके कहने पर वह पेपर खाली छोड़ आया। पेपर के दो-तीन दिन बाद पांच लाख रुपये दिए। महीने बाद रिजल्ट आया। उसका नाम नहीं था। उसने पैसे वापस मांगे तो धमकी देने लगे।
सूने मकान से छह लाख रुपये के जेवर चोरी
जासं, पानीपत : डाबर कालोनी से एक परिवार मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन के लिए गया था। इसी दौरान सूने मकान से 30 हजार रुपये नकदी और करीब छह लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिये। चोरों ने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया है।
डाबर कालोनी के राजकुमार ने बताया कि 19 मार्च को परिवार सहित मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन के लिए गया था। वह बुधवार सुबह नौ बजे घर लौटा तो मेन गेट का ताला लगा था, लेकिन कमरे व अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से 30 हजार रुपये सोने की दो चेन, पांच अंगूठी, 500 ग्राम चांदी, पांच तोले का गले का सेट, पांच ग्राम एक मंगलसूत्र और अन्य जेवर चोरी कर लिये। राजकुमार ने बताया कि उसने 100 नंबर पर कॉल की। पुलिसकर्मी ने बताया कि 15 मिनट में किला थाना पहुंची रही है। दो घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। किला थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके चोरों की तलाश शुरू कर दी है।