सुपरवाइजर की हत्या के दो आरोपित गिरफ्तार
जागरण संवाददाता पानीपत करनाल के गुरुनानकपुरा के शिवकुमार की हत्या के आरोपित धूप ि
जागरण संवाददाता, पानीपत : करनाल के गुरुनानकपुरा के शिवकुमार की हत्या के आरोपित धूप सिंह नगर के अर्जुन और आदेश को स्पेशल इनवेस्टिगेशन एजेंसी (सीआइए-वन ) ने छह दिन बाद बुधवार को काला अंब मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर सात दिन की रिमांड पर लिया गया है। सीआइए-वन प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपित दोस्त हैं। इन्होंने भारत नगर के अभिनव व अनुभव के साथ मिलकर शिवकुमार की हत्या की थी। रिमांड के दौरान आरोपितों से वारदात में इस्तेमाल, चाकू व पिस्तौल और फरार मुख्य आरोपितों के ठिकानों को पता लगाया जाएगा। वारदात के समय चाकू व पिस्तौल दोनों मुख्य आरोपित भाईयों के पास थे।
भारत नगर के प्रजापति चौक के पास कंपनी द्वारा सीवर डालने का काम चल रहा था। कंपनी दो घरों का एक गड्ढे में कनेक्शन कर रही थी। 11 मार्च को स्थानीय निवासी भास्कर शर्मा ने इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर सुपरवाइजर शिवकुमार और मजदूरों ने भास्कर शर्मा का हाथ तोड़ दिया था। सुपरवाइजर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। अगले दिन सुपरवाइजर को जमानत मिल गई। इसी रंजिश में 2 अप्रैल को शुक्रवार को प्रजापति चौक के पास 12 बार चाकू से वार कर और दो गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी गई। शिवकुमार के पिता भीम सिंह की शिकायत पर भास्कर शर्मा के बेटे अभिनव व अनुभव, धूप सिंह नगर के आशीष, सोनू, बोल्ट व अन्य के खिलाफ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।