अंबाला में एक साल से पेट दर्द से तड़प रही थी महिला, डाक्टरों ने ऑपरेशन किया तो उड़े होश
अंबाला की 75 वर्षीय करतारो देवी को करीब एक साल से पेट दर्द हो रहा था। इसकी दवाई भी स्थानीय डाक्टरों से खाई लेकिन आराम नहीं हुआ। धीरे-धीरे मरीज का पेट फूलने लगा। इसके बाद डाक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके पेट से 7 किलो की रसौली निकाली।
अंबाला, जेएनएन। करीब एक साल से पेट दर्द से परेशान महिला करतारो देवी (75) निवासी शाहाबाद का अंबाला कैंट के निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर सात किलो की रसौली निकाली गई। महिला जहां ब्लड प्रेशर व हार्ट की बीमारी से ग्रस्त हैं, वहीं ऑपरेशन के बाद वे अस्पताल में दाखिल हैं और स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं। यह महिला अन्य चिकित्सकों से इलाज करवा रहीं थीं, लेकिन आराम नहीं आया। अंबाला कैंट के निजी अस्पताल में डा. अंजिल व डा. मुलतान सिंह की टीम ने आपरेशन किया जबकि डा. प्रभाकर शर्मा ने एनेस्थीसिया दिया। महिला अब अस्पताल में दाखिल हैं और स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं।
पेट काफी फूल गया था मरीज का
करतारो देवी को करीब एक साल से पेट दर्द हो रहा था। इसकी दवाई भी स्थानीय डाक्टरों से खाई, लेकिन आराम नहीं आया। इसी दौरान धीरे-धीरे मरीज का पेट फूलने लगा था। मरीज को ब्लड प्रेशर और हार्ट की प्राब्लम भी थी। ऐसे में ओपन सर्जरी करना आसान नहीं था। आपरेशन के दौरान मरीज के पेट से करीब 7 किलो की रसौली निकाली गई। अब इस रसौली की बायोप्सी करवाई जाएगी, ताकि पता चल सके कि यह रसौली किस कारण से बनी थी।
उम्र और बीमारियों का रखना पड़ा खास ध्यान
प्रभाकर अस्पताल अंबाला कैंट की सर्जन एवं महिला रोग विशेषज्ञ डा. अंजिल शर्मा ने बताया कि महिला की हालत काफी चिंताजनक थी। डाक्टरों की टीम ने केस हिस्ट्री देखने के बाद ऑपरेशन का फैसला लिया। महिला की उम्र और कुछ अन्य बीमारी को ध्यान में रखते हुए रसौली निकाली, जिसकी बायोप्सी करवाई जाएगी। वहीं, सर्जन डा. मुलतान सिंह ने बताया कि इस केस में ओपन सर्जरी करनी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे तक आपरेशन चला। फिलहाल महिला की हालत ठीक है।